Type Here to Get Search Results !

🔴LIVE TV

ललितपुर पुलिस ने पकड़ा अंतरराज्यीय गैंग..........NN81


 


कचहरी में फर्जी आधार कार्ड से कराई शादी, दो दिन बाद लाखों के जेवर और नकदी लेकर फरार हुई दुल्हन

फर्जी दुल्हन बनकर करती थीं शादी, फिर नशीला खाना खिलाकर लूट लेती थीं घर

ललितपुर पुलिस, स्वाट और सर्विलांस टीम की बड़ी कार्रवाई, 8 आरोपी गिरफ्तार, 5 लाख की ज्वैलरी व मोबाइल बरामद

ललितपुर। बार थाना पुलिस ने एक ऐसे शातिर अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है, जो शादी के नाम पर लोगों को अपना शिकार बनाता था। गिरोह की महिलाएं पहले खुद को कुंवारी बताकर युवकों से शादी करती थीं, फिर शादी के कुछ दिन बाद परिवार को खाने में नशीला पदार्थ खिलाकर लाखों रुपये के जेवर और नकदी लेकर फरार हो जाती थीं। इस सनसनीखेज मामले में पुलिस ने गिरोह के 8 सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से नकदी, जेवरात और मोबाइल फोन सहित करीब 5 लाख रुपये का सामान बरामद किया गया है। पूरे ऑपरेशन को पुलिस अधीक्षक मो. मुश्ताक के निर्देशन में अंजाम दिया गया। कार्रवाई एएसपी कालू सिंह और सीओ तालबेहट आशीष मिश्र की निगरानी में थाना बार पुलिस, स्वाट और सर्विलांस टीम द्वारा संयुक्त रूप से की गई।

ऐसे रची गई पूरी साजिश

पुलिस के अनुसार थाना बार क्षेत्र निवासी रहीश लोधी की शादी नहीं हो पा रही थी। इसी का फायदा उठाकर गिरोह के सदस्य उसके संपर्क में आए। आरोपियों ने शादी कराने का भरोसा दिलाया और अपनी ही गैंग की महिला सदस्य पूजा गौतम को रागिनी नाम बताकर रहीश से मिलवाया। 11 मई 2026 को ललितपुर कचहरी में फर्जी आधार कार्ड और कूटरचित दस्तावेजों के जरिए दोनों की शादी करा दी गई। शादी के बाद महिला रहीश के गांव मर्रौली, थाना बार पहुंच गई और परिवार के साथ रहने लगी। पुलिस के मुताबिक 13/14 मई की रात आरोपी महिला ने योजनाबद्ध तरीके से परिवार के भोजन में नशीला पदार्थ मिला दिया। खाना खाते ही परिवार के लोग बेहोश हो गए। इसके बाद आरोपी महिला घर में रखी ज्वैलरी, नकदी और कीमती सामान समेटकर बाहर निकली, जहां पहले से मौजूद गिरोह के सदस्य उसे लेकर फरार हो गए।

सुबह होश आने पर परिवार को ठगी और चोरी का पता चला, जिसके बाद थाना बार में मुकदमा दर्ज कराया गया।

सीसीटीवी और सर्विलांस से पुलिस पहुंची गिरोह तक

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने तीन विशेष टीमें गठित कीं। थाना बार पुलिस, स्वाट और सर्विलांस टीम ने लगातार सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल लोकेशन और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की। कड़ी मेहनत के बाद पुलिस ने गिरोह के 8 सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वह पहले भी कई जिलों और राज्यों में इसी तरह की वारदातें कर चुके हैं।

पूछताछ में हुआ बड़ा खुलासा

पूछताछ के दौरान आरोपियों ने पुलिस को बताया कि हम लोग ऐसे लड़कों को तलाशते हैं जिनकी शादी नहीं हो रही होती। फिर रिश्ते का झांसा देकर अपनी ही महिलाओं से शादी करा देते हैं। शादी के बाद मौका मिलते ही खाने में नशीला पदार्थ मिलाकर परिवार को बेहोश कर देते हैं और जेवर-नकदी लेकर फरार हो जाते हैं। आरोपियों ने यह भी कबूल किया कि चोरी के बाद ज्वैलरी और नकदी को आपस में बांट लिया जाता था।

गिरफ्तार आरोपी

पूरे प्रकरण के दौरान थाना जखौरा के ग्राम ननौरा निवासी उदयभान पुत्र जाहर लोधी, जिला प्रतापगढ़ के थाना महेशगंज अंतर्गत राजापुर बीधन निवासी पूजा गौतम पत्नी विजय, विजय कुमार पुत्र राम खिलावन व दिनेश कुमार पुत्र जगन्नाथ, जिला सोनभद्र के थाना रोबर्टसगंज के रोप सहिजन कलना निवासी बजैन्ती देवी पत्नी स्व.सूर्यप्रताप, वन्दना व आरती पुत्री स्व.सूर्यप्रताप, जिला जौनपुर के ग्राम चौरे बेहरा निवासी किरण पाल पुत्री रामबहल पाल बताये गये हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 6730 नकद, 01 करधनी, 02 जोड़ी बिछिया, 01 जोड़ी पायल, 01 टिक्का, मंगलसूत्र, 01 बड़ा लॉकेट, 04 छोटे लॉकेट, 08 मूंगे, 07 मोबाइल फोन (05 स्मार्टफोन व 02 कीपैड फोन) बरामद किए हैं। बरामद सामान की कुल कीमत लगभग 5 लाख रुपये आंकी गई है।

संवाददाता-आलोक खरे

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Advertisement

#codes