नारायणपुर जिले के पुलिस अधीक्षक श्री रोबिनसन गुड़िया के मार्गदर्शन, पुलिस अनुविभागीय अधिकारी श्री अभिषेक केशरी के दिशा-निर्देश तथा थाना छोटेडोंगर के थाना प्रभारी हरिशंकर ध्रुव के नेतृत्व में छोटेडोंगर पुलिस द्वारा थाना क्षेत्र के अपराधिक दृष्टिकोण से संवेदनशील ग्राम कांकेरबेड़ा में “माड़ मैत्री – मैत्री चौपाल” कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीणों के साथ विश्वास, संवाद एवं सहभागिता स्थापित कर उन्हें जागरूक एवं सशक्त बनाना रहा। चौपाल के दौरान ग्रामीण महिला-पुरुष, युवा वर्ग एवं बच्चों को सरल एवं सहज भाषा में विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत जानकारी दी गई। इसमें नए कानूनों की जानकारी, यातायात नियमों का पालन, बाल विवाह निषेध, महिला संबंधी अपराध, घरेलू हिंसा से संरक्षण, नारी सशक्तिकरण, साइबर अपराध एवं ऑनलाइन ठगी से बचाव के उपायों के संबंध में जागरूक किया गया।
साथ ही सामाजिक एवं धार्मिक मुद्दों, धर्मांतरण, असामाजिक तत्वों से दूरी बनाए रखने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने हेतु प्रेरित किया गया। बच्चों की शिक्षा पर विशेष जोर देते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य निर्माण, खेलकूद एवं रोजगार के अवसरों की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान “माड़ मैत्री” अभियान के उद्देश्य एवं ग्रामीण सहभागिता की महत्ता समझाई गई। ग्राम के युवा वर्ग में से सर्वसम्मति से 02 युवाओं को “माड़ मित्र” चुना गया, जिन्हें गाँव के विकास, सामाजिक समन्वय एवं आवश्यक सूचनाओं के आदान-प्रदान में सक्रिय भूमिका निभाने हेतु प्रेरित किया गया।
चौपाल में ग्रामीणों की समस्याओं एवं हालचाल की जानकारी भी ली गई। ग्रामीणों को सार्वजनिक समस्याओं के संबंध में लिखित आवेदन देने हेतु कहा गया तथा संबंधित विभागों तक उनकी समस्याएँ पहुँचाकर हर संभव समाधान कराने का आश्वासन दिया गया। साथ ही यह संदेश दिया गया कि अब माड़ क्षेत्र नक्सल प्रभाव से मुक्त होकर विकास एवं विश्वास की ओर आगे बढ़ रहा है तथा ग्रामीण खुलकर अपनी समस्याएँ एवं सुझाव साझा करें, ताकि उनका समाधान किया जा सके।
कार्यक्रम को ग्रामीणों द्वारा सराहा गया। इस अवसर पर ग्राम के प्रमुख जनप्रतिनिधि, युवा वर्ग, महिला-पुरुष एवं बच्चे सहित लगभग 60-70 ग्रामीण उपस्थित रहे।
“माड़ मैत्री” अभियान के माध्यम से नारायणपुर पुलिस लगातार ग्रामीण अंचलों में जनविश्वास, सुरक्षा एवं विकास की भावना को सुदृढ़ करने की दिशा में कार्य कर रही है।
संवाददाता खुमेश यादव
