सालेकसा तहसील के गांधीटोला में आज सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में एक मासूम युवती की दर्दनाक मौत हो जाने से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है। कु. मोनाली (मोहिनी) संतोष मेंढे नामक युवती आज सुबह अपनी सहेली के साथ ट्यूशन के लिए साखरीटोला जा रही थी, तभी पेट्रोल टैंकर की टक्कर से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। यह घटना आज (ता. 18) सुबह लगभग 6.45 बजे सालेकसा–तिरखेड़ी–साखरीटोला मार्ग पर गांधीटोला में घटी।
प्रतिदिन की तरह शिक्षा के लिए घर से निकली मोनाली की असमय मौत से गांव में शोक व्यक्त किया जा रहा है। शिक्षा के सपने संजोकर ट्यूशन के लिए निकली इस युवती की मौत से मेंढे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। हादसे की जानकारी मिलते ही क्षेत्र के नागरिक घटनास्थल पर पहुंच गए। कई लोगों की आंखें नम थीं तो वहीं प्रशासन के खिलाफ नाराजगी भी देखने को मिली।
विशेष बात यह है कि आमगांव–सालेकसा मार्ग पर स्थित वाघ नदी का पुल जर्जर होने के कारण प्रशासन ने कुछ दिन पहले भारी वाहनों की आवाजाही पर प्रतिबंध लगाया था। इसके बाद कई लोडेड ट्रक और पेट्रोल टैंकर चालकों ने सालेकसा–गिरोला–तिरखेड़ी–गांधीटोला–सातगांव–साकरिटोला इस वैकल्पिक मार्ग का उपयोग शुरू कर दिया। यह सड़क मूलतः छोटे वाहनों के लिए बनाई गई थी, लेकिन लगातार भारी वाहनों की आवाजाही से सड़क की हालत खराब हो गई है।
ग्रामीणों के अनुसार, इस मार्ग पर बढ़ती भारी वाहनों की लापरवाह आवाजाही के कारण दुर्घटनाओं का खतरा दिन-ब-दिन बढ़ रहा था। कई बार प्रशासन से शिकायत करने के बावजूद अनदेखी किए जाने का आरोप भी नागरिकों ने लगाया है। आज हुई इस दुर्घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है तथा इस मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही तत्काल बंद करने की मांग जोर पकड़ने लगी है।
इस पृष्ठभूमि में नागरिकों ने मांग की है कि आर.टी.ओ. विभाग तत्काल हस्तक्षेप कर भारी वाहनों पर प्रतिबंध लगाए, नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों पर कड़ी कार्रवाई करे तथा भविष्य में ऐसी दुर्घटनाओं को रोकने के लिए ठोस उपाययोजना लागू करे।
====================================
दिनेश मानकर
