फील्ड विजिट के दौरान मीडियाकर्मियों को वर्षा जल संचयन, जल संग्रहण संरचनाओं तथा ग्रामीण क्षेत्र में जल संरक्षण के लिए किए जा रहे प्रयासों का अवलोकन कराया गया। ग्राम पंचायत रूपाहेली खुर्द स्थित स्वरूपसागर तालाब पर मनरेगा एवं पंचायत प्रशासन के सहयोग से हुए सुदृढ़ीकरण कार्यों की भी जानकारी दी गई।
पंचायत समिति बनेड़ा के जनप्रतिनिधि विजेन्द्र सिंह राठौड़ ने बताया कि तालाब की पाल को मजबूत करने, घाट निर्माण, ओवरफ्लो से बचाव के लिए रपट निर्माण तथा पक्षियों के संरक्षण हेतु वेटलैंड विकसित करने के उद्देश्य से छोटे-छोटे पोण्ड एवं नाड़ियां बनाई गई हैं। इन कार्यों से तालाब को आदर्श स्वरूप प्रदान किया गया है।
उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत जल संरक्षण को लेकर गंभीरता से कार्य कर रही है और जनभागीदारी के माध्यम से जल स्रोतों के संरक्षण एवं पुनर्जीवन के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। अभियान के उद्देश्यों, जल संरक्षण के महत्व और पर्यावरण संरक्षण के प्रति आमजन को जागरूक करने संबंधी गतिविधियों की भी जानकारी दी गई।
इस दौरान हरियालो राजस्थान अभियान के तहत मियावाकी पद्धति से किए गए पौधारोपण कार्यों की जानकारी भी साझा की गई। बताया गया कि इस पहल से पर्यावरण संरक्षण को नई दिशा मिली है। साथ ही स्कूली बच्चों को भी अभियान से जोड़कर जल एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
फील्ड विजिट के दौरान अभियान के तहत संचालित विभिन्न गतिविधियों का प्रदर्शन किया गया, जिसकी मीडियाकर्मियों एवं सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर्स ने सराहना की। कार्यक्रम में एपीआरओ ईशांत काबरा, वरिष्ठ सहायक रोहित वर्मा, मीडियाकर्मी उदयलाल, परमेश्वर, इकबाल तथा सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर शिवांग भाटी सहित अन्य मौजूद रहे।
अंत में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और मीडियाकर्मियों ने जल संरक्षण को जन आंदोलन बनाने का आह्वान करते हुए आमजन से अधिक से अधिक सहभागिता निभाने की अपील की।
