*ओवरब्रिज से गिरी फॉर्च्यूनर, लोगों ने दिखाई बहादुरी, परिवार को बचाया*
सिवनी। जिले के सिवनी-छिंदवाड़ा बायपास पर शनिवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक फॉर्च्यूनर कार रेलवे ओवरब्रिज से नीचे जा गिरी। हादसा बेहद खतरनाक था, लेकिन गनीमत रही कि वाहन में सवार सभी लोग सुरक्षित बच गए।मिली जानकारी के अनुसार फॉर्च्यूनर कार रेलवे ओवरब्रिज से गुजर रही थी। इसी दौरान चालक का वाहन से संतुलन बिगड़ गया और कार रेलिंग पार करते हुए नीचे जा गिरी। हादसे की आवाज सुनते ही आसपास मौजूद लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया।स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए वाहन में मौजूद परिवार के सदस्यों को बाहर निकाला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम भी मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू की।हादसे में फॉर्च्यूनर कार को भारी नुकसान पहुंचा है। वाहन का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और कई पार्ट्स टूट गए। हालांकि राहत की बात यह रही कि कार में सवार किसी भी व्यक्ति को गंभीर चोट नहीं आई।
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि जिस ऊंचाई से वाहन नीचे गिरा, उसे देखकर सभी को बड़े हादसे की आशंका थी। लेकिन सभी लोगों का सुरक्षित बाहर निकल आना किसी चमत्कार से कम नहीं माना जा रहा। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुटी हुई है।
संवाददाता - कमलेश डेहरिया
