किसानों को गुणवत्तापूर्ण उर्वरक एवं कृषि आदान की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा उर्वरकों की कालाबाजारी पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से उपायुक्त साहिबगंज के निर्देशानुसार गठित संयुक्त प्रवर्तन दल (Joint Enforcement Team) द्वारा बरहेट प्रखंड के विभिन्न उर्वरक प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान साह कृषि केन्द्र, राजकुमार डोकानिया एवं मोदी फर्टिलाइजर सहित तीन प्रतिष्ठानों में स्टॉक सूची, दर तालिका, उर्वरक स्टॉक पंजी, बिक्री पंजी, गोदाम तथा पीओएस मशीन में उपलब्ध अभिलेखों का गहन सत्यापन किया गया। साथ ही गोदाम में उपलब्ध उर्वरकों का भौतिक सत्यापन कर अभिलेखों से मिलान किया गया।
संयुक्त प्रवर्तन दल ने सभी दुकानदारों को प्रतिदिन अद्यतन दर सूची एवं उपलब्ध स्टॉक की जानकारी दुकान के बाहर प्रदर्शित करने का निर्देश दिया। इसके अतिरिक्त केवल सरकार द्वारा अधिकृत थोक विक्रेताओं से उर्वरक क्रय करने तथा उर्वरकों का विक्रय केवल किसानों को ही सुनिश्चित करने को कहा गया। उर्वरकों की कालाबाजारी अथवा गैर-कृषि कार्यों में उपयोग पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध विधिसम्मत कठोर कार्रवाई की चेतावनी दी गई।
निरीक्षण के क्रम में प्रतिष्ठानों में उपलब्ध कीटनाशकों एवं अन्य कृषि रसायनों की भी जांच की गई तथा उनकी समाप्ति तिथि (Expiry Date) का सत्यापन किया गया। दुकानदारों को नाबालिग बच्चों एवं महिलाओं को किसी भी परिस्थिति में पेस्टिसाइड का विक्रय नहीं करने का सख्त निर्देश दिया गया।
दल द्वारा बिक्री हेतु उपलब्ध विभिन्न प्रकार के बीजों का निरीक्षण कर गुणवत्ता परीक्षण के लिए नमूने संग्रहित किए गए। साथ ही उर्वरकों के नमूने भी जांच हेतु संकलित कर प्रयोगशाला भेजे जाने की कार्रवाई की गई। जांच प्रतिवेदन में किसी प्रकार की अनियमितता अथवा अमानक गुणवत्ता पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
संयुक्त प्रवर्तन दल में अनुमंडल पदाधिकारी, साहिबगंज, जिला कृषि पदाधिकारी तथा अंचल अधिकारी, बरहेट शामिल थे।
आकाश कुमार भगत
