Type Here to Get Search Results !

🔴LIVE TV

हरिशेवा उदासीन आश्रम में पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र यादव को भीलवाड़ावासियों द्वारा ऐतिहासिक विदाई......NN81



हरि शैवा उदासीन आश्रम सनातन मंदिर परिसर में बुधवार को भीलवाड़ा के पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र यादव के चित्तौड़गढ़ स्थानांतरण पर भावपूर्ण विदाई एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह महामंडलेश्वर स्वामी हंसराम जी महाराज के सानिध्य में आयोजित हुआ, जिसमें जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, सामाजिक संगठनों और गणमान्य नागरिकों ने यादव के कार्यकाल की सराहना करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं।

समारोह को संबोधित करते हुए सांसद दामोदर अग्रवाल ने कहा कि भीलवाड़ा के इतिहास में धर्मेंद्र यादव जैसे ईमानदार, निर्भीक और कार्यकुशल पुलिस अधीक्षक का आगमन महत्वपूर्ण रहा है। उन्होंने कहा कि अल्प समय में यादव ने माफिया तंत्र पर प्रभावी कार्रवाई कर भयमुक्त वातावरण स्थापित किया। उन्होंने कहा कि भीलवाड़ा की जनता उनके कार्यों को सदैव याद रखेगी।

विधायक अशोक कुमार कोठारी ने संतों को नमन करते हुए कहा कि धर्मेंद्र यादव ने अपने दायित्वों का उत्कृष्ट निर्वहन किया है। उन्होंने कहा कि धर्म, प्रेम और करुणा ही सच्चा आनंद है और यही पूंजी लोगों के दिलों में बसती है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यादव जहां भी जाएंगे, अपनी कार्यशैली से अमिट छाप छोड़ेंगे।

जिला कलेक्टर जसमीत सिंह संधू ने कहा कि पुलिस अधीक्षक यादव द्वारा भीलवाड़ा में किए गए कार्य सदैव स्मरणीय रहेंगे। उन्होंने उनके उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि वे आगे भी पूर्ण निष्ठा से अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते रहेंगे।

इससे पूर्व महामंडलेश्वर स्वामी हंसराम जी महाराज ने आशीर्वचन देते हुए कहा कि धर्मेंद्र यादव द्वारा दी गई सेवाएं अनुकरणीय हैं। उन्होंने कहा कि संत, सती और शूरवीर ही राष्ट्र को सशक्त बनाते हैं, जबकि कपट और कायरता समाज को कमजोर करती है। जो व्यक्ति राष्ट्रहित में कार्य करता है, ईश्वर सदैव उसकी उन्नति का मार्ग प्रशस्त करता है।

हरिद्वार के महामंडलेश्वर स्वामी जगदीश दास जी महाराज ने कहा कि धर्म, संस्कृति और समाज की रक्षा के लिए यादव ने उल्लेखनीय कार्य किए हैं। उन्होंने कहा-

“कदम ऐसा चलो कि निशान बन जाए,

काम कुछ ऐसा करो कि मिसाल बन जाए।”

उद्योगपति त्रिलोक चंद छाबड़ा ने स्वागत उद्बोधन में कहा कि यादव ने अपने कर्तव्यों का श्रेष्ठता से निर्वहन कर भीलवाड़ा को नई दिशा दी है। अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त नवग्रह आश्रम के संचालक हंसराज चौधरी ने कहा कि उनके कुशल नेतृत्व में माफिया तंत्र पस्त नजर आया।

समारोह को गौभक्त सुनील जागेटिया, राष्ट्रीय जागरण मंच के बनवारी सोनी, विश्वास फाउंडेशन की आशा रामावत, विवेकानंद केंद्र के प्रांत प्रमुख भगवान सिंह चौहान, भाजपा के पूर्व पदाधिकारी कैलाश जीनगर, जिला अभिभाषक संस्था के अध्यक्ष एडवोकेट उम्मेद सिंह राठौड़ तथा विश्व हिंदू परिषद के गणेश प्रजापत ने भी संबोधित करते हुए धर्मेंद्र यादव के कार्यों की सराहना की।

कार्यक्रम के सूत्रधार रवि जाजू ने कहा कि महामंडलेश्वर हंसराम जी महाराज की प्रेरणा से यह आयोजन किया गया। उन्होंने कहा कि यह केवल विदाई नहीं बल्कि अभिनंदन एवं सम्मान समारोह है। यादव ने अपने कार्यकाल में भीलवाड़ा में भयमुक्त समाज की मजबूत नींव रखी और कई चुनौतीपूर्ण कार्यों को सफलतापूर्वक अंजाम दिया।

अपने संबोधन में पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र यादव ने सभी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भीलवाड़ा की जनता, जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों के सहयोग से ही उपलब्धियां संभव हो सकीं। उन्होंने विधायक अशोक कुमार कोठारी और जिला प्रशासन की सराहना करते हुए कहा कि पिछले दो वर्षों में पुलिस विभाग को 10 करोड़ रुपए से अधिक का फंड मिला, जिसमें स्वास्थ्य सेवाओं एवं एआई कैमरा प्रोजेक्ट के लिए महत्वपूर्ण राशि स्वीकृत हुई। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय पूरी पुलिस टीम और भीलवाड़ा वासियों को दिया।

कार्यक्रम का संचालन नगर विकास न्यास के पूर्व अध्यक्ष लक्ष्मीनारायण डाड एवं बाबूलाल टाक ने किया।

समारोह के अंत में शहर की विभिन्न संस्थाओं एवं सामाजिक संगठनों द्वारा पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र यादव का अभिनंदन किया गया। इनमें श्री जैन ज्योति युवा समिति, भारतीय जैन संघटना, राजपूत विकास परिषद, प्रजापत समाज, लघु उद्योग भारती, आजाद नगर माहेश्वरी युवा संगठन, जैन सोशल ग्रुप, राजस्थान जन मंच, हिन्दू चेतना संगठन, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग, दुर्गा शक्ति अखाड़ा, पूर्वांचल जन चेतना समिति, बिहार नवदुर्गा समिति, हिन्दू परिषद सहित अनेक संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Advertisement

#codes