भोपाल के खजूरी सड़क थाना क्षेत्र अंतर्गत बैरागढ़ कला स्थित महाकाल कॉलोनी में चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपए की चोरी की वारदात को अंजाम दिया। घटना शुक्रवार सुबह सामने आई, जिसके बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बैरागढ़ कला निवासी आदित्य कुमार शुक्ला, जो Infosys प्राइवेट लिमिटेड इंदौर में इंजीनियर के पद पर कार्यरत हैं, वर्तमान में इंदौर में रहते हैं। उनके माता-पिता नौकरी के सिलसिले में भुवनेश्वर में निवास कर रहे हैं। शुक्रवार सुबह करीब 7 बजे पड़ोसियों ने फोन कर घर का ताला टूटा होने की सूचना दी।
सूचना मिलने पर आदित्य शुक्ला इंदौर से भोपाल पहुंचे और दोपहर करीब 1 बजे घर का निरीक्षण किया। इस दौरान मुख्य गेट का ताला टूटा मिला तथा बरामदे की खिड़की तोड़कर चोर घर के अंदर घुसे थे। चोर घर से एक हल्के नीले रंग की Honda Activa स्कूटर क्रमांक GJ17 CG 4097, जिसकी कीमत लगभग एक लाख रुपए बताई जा रही है, चोरी कर ले गए। इसके अलावा सोने की दो अंगूठियां, एक सोने की चेन, चांदी का शिवलिंग, चांदी की पायल एवं बिछिया सहित करीब ढाई लाख रुपए के जेवरात भी चोरी हो गए।
