फतेहपुर में सड़क हादसों पर लगाम लगाने के लिए पुलिस का विशेष अभियान लगातार तेज होता जा रहा है। शनिवार देर रात पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी यातायात प्रगति यादव के कुशल पर्यवेक्षण में जिलेभर के टोल प्लाजाओं पर “ड्रंक एंड ड्राइव” के खिलाफ बड़ा अभियान चलाया गया।
रातभर चले इस विशेष चेकिंग अभियान में शराब के नशे में वाहन चलाने वालों पर पुलिस ने सख्त कार्रवाई की। काटोघन टोल प्लाजा पर क्षेत्राधिकारी खागा दुर्गेशदीप की मौजूदगी में टीएसआई अवधेश कुमार सिंह और खागा सीसी टीम प्रभारी कृष्ण कुमार ने मोर्चा संभाला। वहीं जिंदपुर टोल प्लाजा पर यातायात प्रभारी निरीक्षक केशरी प्रसाद यादव एवं थाना ललौली की सीसी टीम प्रभारी एरिस पटेल ने पुलिस बल के साथ वाहनों की गहन जांच की।
इसके अलावा बड़ौरी टोल प्लाजा पर टीएसआई बृजेश तिवारी और थाना कल्याणपुर प्रभारी सुमित देव पांडेय के नेतृत्व में भी ताबड़तोड़ कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान कई वाहन चालकों की ब्रेथ एनालाइजर से जांच की गई और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ मौके पर कार्रवाई की गई।
पुलिस कार्रवाई में नशे की हालत में वाहन चला रहे 30 चालकों के ई-चालान करते हुए कुल 3 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया। वहीं अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन पर 18 ई-चालान कर 1 लाख 50 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया। कार्रवाई के दौरान एक डंपर वाहन को भी सीज किया गया।
फतेहपुर पुलिस ने साफ संदेश दिया है कि सड़क पर लापरवाही अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पुलिस ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि यातायात नियमों का पालन करें, हेलमेट और सीट बेल्ट का प्रयोग करें तथा नशे की हालत में वाहन चलाकर अपनी और दूसरों की जिंदगी खतरे में न डालें।
विनय कुमार की रिपोर्ट
