पिड़ावा। राजस्थान जनता जल कर्मचारी संघ के आह्वान पर
पिड़ावा क्षेत्र के जनता जल योजना कर्मचारियों ने उपखंड अधिकारी को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर आगामी 20 मई से जयपुर स्थित जल भवन पर आयोजित होने वाले प्रदेशव्यापी महापड़ाव में शामिल होने की जानकारी दी।
ज्ञापन में जनता जल कर्मचारी ने बताया कि उनकी वर्षों पुरानी मांगें अब तक लंबित हैं। इनमें रोजगार सुरक्षा, नियमितीकरण, मानदेय विसंगतियों का समाधान तथा श्रमिक हितों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं का निस्तारण शामिल है।
कर्मचारियों ने कहा कि इन मांगों को लेकर सरकार और विभागीय अधिकारियों को कई बार अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
जनता जल योजना कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि मांगों के समाधान तक आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने बताया कि 20 मई से जयपुर के जल भवन पर धरना-प्रदर्शन और महापड़ाव आयोजित किया जाएगा, जिसमें प्रदेशभर के जनता जल कर्मचारी भाग लेंगे।
आंदोलन के चलते आगामी दिनों में ग्रामीण क्षेत्रों की पेयजल आपूर्ति प्रभावित होने की भी आशंका जताई जा रही है।
ज्ञापन सौंपने के दौरान पहलवान सिंह सिसौदिया, संजय कुमार, पूरी लाल, लखन सिंह, रामचंद्र नारायण सिंह, सहित कई कर्मचारी उपस्थित रहे।
संवाददाता मोहम्मद इस्लाम
