जनकपुर पुलिस ने जानकारी साझा कर बताया कि जिले में नशे के अवैध कारोबार के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत जनकपुर पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता मिली है। पुलिस ने देवगढ़ मेन रोड पर कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को 14 नग प्रतिबंधित कोडिनयुक्त ONEREX नशीले सिरप के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से नशीला सिरप, मोटरसाइकिल एवं मोबाइल फोन जब्त कर उसके विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(सी) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज दीपक कुमार झा एवं पुलिस अधीक्षक एमसीबी रत्ना सिंह के निर्देशन में जिलेभर में नशे के खिलाफ लगातार अभियान संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेन्द्र नायक तथा एसडीओपी जनकपुर के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी कमलेश देवांगन द्वारा विशेष टीम गठित की गई थी।
28 मई 2026 को वाहन चेकिंग एवं पेट्रोलिंग के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि जनकपुर निवासी सन्नी शर्मा उर्फ निखिल कुमार शर्मा मोटरसाइकिल से प्रतिबंधित नशीला सिरप लेकर जा रहा है। सूचना के आधार पर देवगढ़ मेन रोड पर घेराबंदी की गई। पुलिस को देखकर आरोपी भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन पुलिस टीम ने उसे पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान आरोपी के झोले से ONEREX नामक 100-100 एमएल की कुल 14 सीलबंद शीशियां बरामद हुईं, जिनमें कुल 1400 एमएल कोडिनयुक्त नशीला सिरप पाया गया। औषधि निरीक्षक द्वारा जांच में इसे प्रतिबंधित नशीला पदार्थ बताया गया। आरोपी कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। पूछताछ में उसने सिरप मध्यप्रदेश के ब्यौहारी क्षेत्र से खरीदने की जानकारी दी, जिसके संबंध में पुलिस आगे जांच कर रही है।
मनीराम सोनी
