लोकेशन नारायणपुर छत्तीसगढ़
संवाददाता खुमेश यादव
नारायणपुर, 06 अप्रैल 2026// जिला कार्यालय के सभाकक्ष में कलेक्टर नम्रता जैन की अध्यक्षता में साप्ताहिक समय-सीमा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की प्रगति और लंबित प्रकरणों की गहन समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने तथा सभी प्रकरणों का समय-सीमा के भीतर निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने नियद नेल्लानार योजना के अंतर्गत नियुक्त नोडल अधिकारियों को अपने-अपने गांवों का नियमित निरीक्षण कर जमीनी स्थिति का आकलन कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने और समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने को कहा। कलेक्टर ने सुदूर अंचल के गांवों तक योजनाओं का शत-प्रतिशत सैचुरेशन करने पर विशेष जोर देते हुए स्पष्ट किया कि कोई भी पात्र हितग्राही लाभ से वंचित न रहे।
बैठक में ग्रामीणों को मूलभूत दस्तावेज उपलब्ध कराने पर बल देते हुए आधार कार्ड, आयुष्मान कार्ड, जन्म व जाति प्रमाण पत्र समय पर बनाने के निर्देश दिए गए, ताकि उन्हें विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ आसानी से मिल सके। साथ ही निर्माण एवं विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए सभी स्वीकृत कार्यों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण करने, अधूरे कार्यों में तेजी लाने तथा पूर्ण कार्यों को शीघ्र संबंधित विभागों को हस्तांतरित करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में ग्राम पंचायत आदेर अंतर्गत चालरेंर, हितापारा और ओरछामेटा गांव में मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही रायघाट माइंस क्षेत्र में कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान, प्रधानमंत्री जनधन योजना का लाभ दिलाने, खेल मैदान स्वीकृति, नहरों के पुनर्जीवन एवं भूमि समतलीकरण जैसे कार्यों को प्राथमिकता देने पर जोर दिया गया। ग्रामीण विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर चर्चा करते हुए ग्राम पंचायत रेकावाया में स्कूल से पंचायत भवन तक सड़क निर्माण कार्य को स्वीकृति, डूटाखार बालक आश्रम में शौचालय, किचन शेड और पेयजल संकट जैसी समस्याओं का शीघ्र समाधान कराने के निर्देश दिए गए। वहीं ग्राम कुस्तूरगुंडा में सड़क निर्माण पूर्ण करने तथा पेयजल के लिए सोलर आधारित बोर लगाने को कहा गया।
कलेक्टर नम्रता जैन ने आश्रम छात्रावासों के स्वीकृत निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए उन्हें शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए, ताकि विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। उन्होंने नियद नेल्लानार योजना के तहत चयनित ग्रामों में पेयजल, सड़क, बिजली और स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया। बैठक में कलेक्टर ने ग्रीष्म ऋतु को ध्यान में रखते हुए पेयजल व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि खराब हैंडपंपों की तत्काल मरम्मत की जाए तथा जरूरत वाले क्षेत्रों में प्राथमिकता से बोर खनन कार्य शुरू किया जाए।
इसके अलावा ग्राम पंचायत झारावाही, हांदावाड़ा, नेलनार, पदमकोट, कोडोली सहित विभिन्न क्षेत्रों में पेयजल, नल-जल योजना, सोलर लाइट, राशन वितरण, सड़क निर्माण एवं वन अधिकार पट्टा वितरण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने पूर्ण हो चुके निर्माण कार्यों को शीघ्र संबंधित विभागों को हैंडओवर करने के भी निर्देश दिए।
बैठक में सीईओ जिला पंचायत आकांक्षा शिक्षा खलखो, अपर कलेक्टर बीरेन्द्र बहादुर पंचभाई, एसडीएम अभयजीत मंडावी, डॉ. सुमित गर्ग, सहायक आयुक्त आदिवासी विकास डॉ. राजेन्द्र सिंह, जनपद सीईओ सुनील कुमार सोनपिपरे, लोकेश चतुर्वेदी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
