संवाददाता गिरीश शुक्ला
सीधी म.प्र.
सीधी। कलेक्टर विकास मिश्रा ने समय-सीमा बैठक में विभिन्न विभागों की विस्तृत समीक्षा करते हुए स्वास्थ्य सेवाओं, राजस्व कार्यों और जनसेवा व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रशासन की प्राथमिकता आमजन को समय पर और गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराना है।
बैठक में जिले के नवाचार “चिरैया अभियान” को विशेष प्राथमिकता दी गई। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि इस अभियान के माध्यम से किशोरी बालिकाओं के स्वास्थ्य, पोषण और स्वच्छता को लेकर व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जाए। उन्होंने कहा कि यह पहल जमीनी स्तर पर प्रभावी होनी चाहिए, जिससे बालिकाओं के समग्र विकास को बढ़ावा मिल सके।
शनिवार को आयोजित स्वास्थ्य मेलों की सफलता पर कलेक्टर ने पूरी टीम की सराहना करते हुए इन्हें नियमित रूप से जारी रखने के निर्देश दिए। साथ ही शिविरों में आई चुनौतियों का विश्लेषण कर आवश्यक सुधार करने को कहा, ताकि अधिक से अधिक लोगों को लाभ मिल सके। उन्होंने तहसीलदार, नायब तहसीलदार एवं जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को इन आयोजनों में सक्रिय भूमिका निभाने के निर्देश दिए।
प्राकृतिक आपदा के मामलों में त्वरित राहत प्रदान करने पर जोर देते हुए कलेक्टर ने राजस्व अधिकारियों को मौके पर पहुंचकर शीघ्र सर्वे और निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि फसल, पशुधन और मकान क्षति के मामलों में संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि प्रभावितों को समय पर सहायता मिल सके।
राजस्व कार्यों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने अधिकारियों को न्यायालय में नियमित रूप से बैठकर लंबित प्रकरणों का समय-सीमा में निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि लंबित मामलों का शीघ्र निपटारा प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
जनसुनवाई व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए कलेक्टर ने खंड स्तर पर नियमित जनसुनवाई आयोजित करने और लोक सेवा केंद्रों की सेवाओं को अधिक पारदर्शी व सुलभ बनाने पर बल दिया।
महिलाओं और बालिकाओं की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए कलेक्टर ने स्कूलों में बालिका शौचालयों को पूर्ण रूप से क्रियाशील करने तथा पेट्रोल पंपों पर महिलाओं के लिए शौचालय की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में आईटी आधारित नवाचारों को बढ़ावा देने, आगामी जनगणना कार्यों को प्राथमिकता देने तथा विभागों के बीच बेहतर समन्वय के साथ कार्य करने पर भी जोर दिया गया।
इस अवसर पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत शैलेन्द्र सिंह सोलंकी, अपर कलेक्टर बी.पी. पाण्डेय, उपखंड अधिकारी सिहावल राजेश शुक्ला, गोपद बनास राकेश शुक्ला, डिप्टी कलेक्टर प्रिया पाठक सहित सभी विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में कलेक्टर ने कहा कि योजनाओं का वास्तविक लाभ तभी सुनिश्चित होगा, जब प्रशासनिक कार्यों का क्रियान्वयन पूरी गंभीरता, जवाबदेही और संवेदनशीलता के साथ किया जाए।
