अमरोहा यूपी -
सोशल मीडिया पर दबदबा बनाने की होड़ एक युवक के लिए मुसीबत बन गई। थाना गजरौला क्षेत्र के गांव शीशोंबाली का एक युवक अवैध असलहे के साथ फोटो खिंचवाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर बैठा, जिसके बाद मामला पुलिस के संज्ञान में आते ही हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, युवक ने हाथ में तमंचा लेकर तस्वीर खिंचवाई और उसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर शेयर कर दिया। फोटो वायरल होते ही स्थानीय लोगों के बीच चर्चा शुरू हो गई। बताया जा रहा है कि युवक अपने दोस्तों और इलाके में ‘खोप’ जमाने के उद्देश्य से इस तरह का प्रदर्शन कर रहा था, लेकिन यह दिखावा अब उसके लिए परेशानी का कारण बन गया है।
मामले की सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए जांच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपी की पहचान कर उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की तैयारी में जुटी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सोशल मीडिया पर हथियारों के साथ इस तरह का प्रदर्शन न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि युवाओं के बीच गलत संदेश भी फैलाता है। ऐसे मामलों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
स्थानीय लोगों ने भी इस घटना को लेकर चिंता जताई है और युवाओं से अपील की है कि वे सोशल मीडिया का इस्तेमाल सोच-समझकर करें।
