परेश पंड्या नाथद्वारा राजसमंद राजस्थान
एमपीएमएससी क्रिकेट एकेडमी का शुभारंभ, प्रथम दिन 80 से अधिक पंजीकरण से उत्साह
मदन पालीवाल मिराज स्पोर्ट्स सेंटर (MPMSC) द्वारा अपनी ग्रासरूट पहल के तहत MPMSC क्रिकेट एकेडमी का शुभारंभ बुधवार को मदन पालीवाल मिराज स्पोर्ट्स सेंटर में किया गया। प्रथम दिन ही शानदार रुझान देखने को मिला जहां 80 से अधिक खिलाड़ियों ने पंजीकरण कराया, वहीं 15 युवा क्रिकेटरों ने पहले प्रशिक्षण कार्यक्रम में हिस्सा लिया।
एकेडमी का उद्घाटन चैत्र माह के शुक्ल पक्ष के शुभ अवसर पर पारंपरिक पूजा-अर्चना के साथ किया गया, जो नए आरंभ और विकास का प्रतीक माना जाता है। इस अवसर पर धार्मिक विधि-विधान ने कार्यक्रम को विशेष गरिमा प्रदान की।
कार्यक्रम में राजसमंद जिला क्रिकेट संघ के खिलाड़ी और पदाधिकारी भी शामिल हुए, जिनमें राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर राजस्थान का प्रतिनिधित्व कर चुके खिलाड़ी, अंडर-23 एवं सीनियर टीम के सदस्य मौजूद रहे।
इस अवसर पर प्रमुख अतिथियों में एमपीएमएससी ऑपरेशंस हेड लक्ष्मण दीवान, रेडिसन ब्लू मिराज स्टेडियम के क्लस्टर जनरल मैनेजर राजेश राजपुरोहित, स्टेडियम ऑपरेशंस एवं फैसिलिटी मैनेजमेंट के चीफ मैनेजर उदय बसाक तथा राजसमंद जिला क्रिकेट संघ के सचिव गिरिराज सनाढ्य शामिल रहे। सभी अतिथियों ने खिलाड़ियों और पदाधिकारियों का सम्मान भी किया।
हेड कोच चंद्रपाल सिंह ने एमपीएमएससी की विश्वस्तरीय सुविधाओं की सराहना करते हुए कहा कि यहां उपलब्ध इंफ्रास्ट्रक्चर अंतरराष्ट्रीय स्तर के समान है, जो खिलाड़ियों को बेहतर माहौल प्रदान करेगा। इससे युवा खिलाड़ी खेल का आनंद लेते हुए अपने कौशल का विकास कर सकेंगे और शुरुआती स्तर से ही आगे बढ़ने का अवसर पाएंगे।
एकेडमी का पहला प्रशिक्षण सत्र कोचिंग टीम की देखरेख में आयोजित हुआ, जिसमें बल्लेबाजी कोच रजत छापरवाल, सहायक कोच राकेश जैन, स्ट्रेंथ एंड कंडीशनिंग व फास्ट बॉलिंग विशेषज्ञ जितेंद्र सैनी और सहायक प्रशिक्षक सम्यश पालीवाल शामिल रहे।
एमपीएमएससी क्रिकेट अकादमी का उद्देश्य उभरती प्रतिभाओं को संरचित प्रशिक्षण, पेशेवर मार्गदर्शन और आधुनिक सुविधाओं के माध्यम से निखारना है, ताकि भविष्य में राज्य और देश को उत्कृष्ट खिलाड़ी मिल सकें।
