भीलवाड़ा। जिले में मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना पुर पुलिस एवं डीएसटी भीलवाड़ा ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने अफीम तस्करी के दो अलग-अलग मामलों में वांछित चल रहे 15 हजार रुपये के इनामी आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह आईपीएस के निर्देशानुसार की गई इस कार्रवाई में सामने आया कि 25 मार्च 2026 को माण्डल क्षेत्र में पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए मुकेश कुमार ढोली (25) निवासी तुम्बड़िया, जिला चित्तौड़गढ़ को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 2.058 किलोग्राम अवैध अफीम बरामद की थी। इस संबंध में थाना माण्डल में प्रकरण संख्या 96/2026 धारा 8/18 एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज किया गया।
इसी क्रम में 14 अप्रैल 2026 को एक अन्य कार्रवाई में पुलिस ने थार ट्रेवल्स बस में सवार देवीलाल गाड़री (31) निवासी तुम्बड़िया को गिरफ्तार कर उसके पास से 2.084 किलोग्राम अफीम जब्त की। इस मामले में प्रकरण संख्या 113/2026 धारा 8/18 एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया।
दोनों मामलों में जांच के दौरान सामने आया कि अफीम की सप्लाई शिवराज जाट निवासी मालखेड़ा, थाना साडास (चित्तौड़गढ़) द्वारा की जा रही थी, जो लंबे समय से फरार चल रहा था। आरोपी की गिरफ्तारी पर पुलिस अधीक्षक द्वारा 15 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पारस जैन व बुद्धराज तथा वृताधिकारी राहुल जोशी के सुपरविजन में थानाधिकारी कन्हैयालाल के नेतृत्व में गठित टीम ने तकनीकी सहायता व मुखबिर तंत्र की मदद से आखिरकार आरोपी शिवराज जाट को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर तस्करी नेटवर्क के अन्य सदस्यों की जानकारी जुटा रही है।
गठित टीम में शामिल अधिकारी:
थानाधिकारी कन्हैयालाल, कांस्टेबल राकेश भंडारी (विशेष योगदान), विक्रम सिंह, राजवीर सिंह एवं जगदीश शामिल रहे।
