प्रयागराज से संवाददाता वैभव यादव
प्रयागराज के मेजा क्षेत्र के सिरसा स्थित मातेश्वरी इंडियन गैस एजेंसी के बाहर इन दिनों एलपीजी गैस सिलेंडर को लेकर भारी अव्यवस्था देखने को मिल रही है। सुबह 6 बजे से ही बड़ी संख्या में लोग गैस लेने के लिए लंबी लाइनों में खड़े हो जाते हैं, लेकिन दिनभर इंतजार करने के बाद भी कई उपभोक्ताओं को खाली हाथ लौटना पड़ रहा है। इस स्थिति से आम लोगों में नाराजगी और आक्रोश बढ़ता जा रहा है।
वहीं, उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से लगातार यह दावा किया जा रहा है कि प्रदेश में गैस की कोई कमी नहीं है और कुछ लोग अफवाहें फैला रहे हैं। लेकिन ग्राउंड जीरो की रिपोर्टिंग में हकीकत कुछ और ही नजर आई। मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि कई दिनों से उन्हें समय पर गैस नहीं मिल पा रही है, जिससे घरेलू कामकाज पर भी असर पड़ रहा है।
स्थानीय उपभोक्ताओं ने प्रशासन से इस समस्या का जल्द समाधान करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि आपूर्ति व्यवस्था सही है, तो एजेंसी स्तर पर हो रही लापरवाही की जांच होनी चाहिए। लगातार हो रही परेशानी के चलते लोगों में रोष बढ़ता जा रहा है और जल्द ही बड़े विरोध की स्थिति भी बन सकती है।
