लोकेशन नारायणपुर छत्तीसगढ़
संवाददाता खुमेश यादव
नारायणपुर, 21 मार्च 2026 // मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में जिले में स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ क्रियान्वयन की दिशा में कलेक्टर नम्रता जैन के मार्गदर्शन में “प्रोजेक्ट धड़कन” के अंतर्गत बच्चों के हृदय स्वास्थ्य की जांच का विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है। इस पहल के तहत विकासखण्ड नारायणपुर एवं ओरछा के ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में संचालित स्कूलों तथा आंगनबाड़ी केन्द्रों के बच्चों की नियमित स्क्रीनिंग की जा रही है, जिससे हृदय रोगों की समय रहते पहचान कर निःशुल्क बेहतर उपचार सुनिश्चित किया जा सके।
सीएमएचओ डॉ कुंवर ने बताया कि आधुनिक स्टेथोस्कोप सहित अन्य उपकरणों के माध्यम से स्वास्थ्य विभाग की टीम के द्वारा बच्चों के हृदय की ध्वनियों एवं ईसीजी संकेतों का परीक्षण किया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य संभावित हृदय रोगों की प्रारंभिक अवस्था में पहचान कर उन्हें उच्च चिकित्सा संस्थानों में उपचार उपलब्ध कराना है।
फरवरी 2026 से 14 मार्च 2026 तक की अवधि में स्वास्थ्य विभाग की टीम के द्वारा जिले के कुल 80 संस्थानों में स्वास्थ्य परीक्षण किया गया, जिसमें 18 स्कूल और 62 आंगनबाड़ी केन्द्र शामिल हैं। इस दौरान कुल 1488 बच्चों की हृदय संबंधी जांच की गई, जिनमें 675 स्कूल के बच्चे और 813 आंगनबाड़ी के बच्चे शामिल हैं। जांच के दौरान कुल 1 बच्चा हृदय रोग संभावित पाया गया, जो आंगनबाड़ी केन्द्र बागडोंगरी, विकासखण्ड नारायणपुर से संबंधित है। उक्त बच्चे का प्राथमिक परीक्षण जिला चिकित्सालय नारायणपुर में किया जा चुका है तथा बेहतर उपचार हेतु उसे उच्च चिकित्सा संस्थान सत्य साईं अस्पताल, रायपुर में रेफर किया गया है।
आगामी दिनों में प्रोजेक्ट धड़कन के अंतर्गत स्वास्थ्य विभाग द्वारा विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्रों में विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे। 23 मार्च को आंगनबाड़ी केंद्र कोंगेरा एवं बडेनहोड़ में शिविर लगाया जाएगा। 24 मार्च को कोशलनार, कोशलपारा एवं हाथीबेड़ा के आंगनबाड़ी केंद्रों में शिविर आयोजित होगा। 25 मार्च को आंगनबाड़ी केंद्र धौड़ाई में शिविर आयोजित किया जाएगा। 26 मार्च को सुलेंगा एवं कन्हारगांव में शिविर आयोजित होंगे। 27 मार्च को तीरकानार एवं छोटेकुम्हारी के आंगनबाड़ी केंद्रों में शिविर लगाए जाएंगे। 28 मार्च को कोकपाड़, डूडमी एवं बांसपाल में शिविर आयोजित किए जाएंगे। 30 मार्च को आंगनबाड़ी केंद्र छोटेडोंगर में तथा 31 मार्च को बड़गांव एवं खासपारा-नयापारा के आंगनबाड़ी केंद्रों में विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे।
यह अभियान न केवल बच्चों के स्वास्थ्य की समय पर निगरानी सुनिश्चित कर रहा है, बल्कि ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच को भी सशक्त बना रहा है। जिला प्रशासन ने अपील किया है कि स्कूल एवं आंगनबाड़ी में स्वास्थ्य विभाग की टीम के आने पर अपने बच्चों की जांच अवश्य कराएं, ताकि समय पर उपचार सुनिश्चित हो सके।
