संवाददाता अनिल मालवीय सिराली जिला हरदा एमपी
हरदा जिले कि नगरपरिषद सिराली मे गर्मी के तेवर तेज होते ही नगर में पेयजल संकट की आहट महसूस होने लगी है। ऐसे में आमजन को राहत दिलाने के उद्देश्य से जिला हरदा फुटकर व्यापारी संघ, सिराली ने नगर परिषद के समक्ष जोरदार पहल करते हुए शहर के प्रमुख स्थानों पर सार्वजनिक प्याऊ लगाए जाने की मांग उठाई है। संघ द्वारा इस संबंध में एक विस्तृत ज्ञापन नगर परिषद अधिकारियों को सौंपा गया।
फुटकर व्यापारी संघ के अध्यक्ष शेख असलम के नेतृत्व में दिए गए इस ज्ञापन में स्पष्ट किया गया कि पिछले वर्षों में नगर परिषद द्वारा विभिन्न प्रमुख चौक-चौराहों पर प्याऊ की समुचित व्यवस्था की जाती रही है, जिससे राहगीरों और व्यापारियों को गर्मी में काफी राहत मिलती थी। लेकिन इस वर्ष गर्मी का दौर शुरू हो जाने के बावजूद अभी तक ऐसी कोई व्यवस्था नजर नहीं आ रही है, जिससे लोगों को पीने के पानी के लिए भटकना पड़ रहा है।
व्यापारी संघ ने अपने ज्ञापन में शहर के भीड़भाड़ वाले और महत्वपूर्ण स्थानों—राधाकृष्ण मंदिर चौक (बड़ाचौक), मेघनाथ चौक, गांधी चौक, शंकर मंदिर चौक, थाना चौक, सब्जी बाजार, आरआई ऑफिस परिसर, पुराना स्टैंड एवं नया बस स्टैंड, मंडी क्षेत्र, रामपुरा पेट्रोल पंप, शासकीय चिकित्सालय, पशु चिकित्सालय और बंदीमुहडिया बस स्टैंड—पर शीघ्र प्याऊ स्थापित करने की मांग की है।संघ का कहना है कि इन स्थानों पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग आवागमन करते हैं, ऐसे में प्याऊ की व्यवस्था न होने से विशेषकर राहगीरों, मजदूरों और बुजुर्गों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
व्यापारी संघ ने नगर परिषद से अपील की है कि जनहित को प्राथमिकता देते हुए तत्काल प्रभाव से सार्वजनिक प्याऊ की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि भीषण गर्मी के इस दौर में लोगों को राहत मिल सके।
