लोकेशन नारायणपुर छत्तीसगढ़
संवाददाता खुमेश यादव
नारायणपुर, 24 मार्च 2026 // विश्व क्षय दिवस के अवसर पर जिला क्षय उन्मूलन केंद्र के तत्वाधान में जिला पंचायत नारायणपुर के सभाकक्ष में जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष श्री नारायण मरकाम द्वारा दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। इस अवसर पर उन्होंने निक्षय रथ को हरी झंडी दिखाकर नगर भ्रमण के लिए रवाना किया, जिससे आमजन में टीबी के प्रति जागरूकता का प्रसार किया जा सके।
कार्यक्रम में उपस्थित मुख्य अतिथियों ने अपने उद्बोधन में क्षय रोग (टीबी) के लक्षण, बचाव एवं समय पर जांच एवं उपचार के महत्व पर प्रकाश डाला। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. टी.आर. कुंवर ने टीबी उन्मूलन के लिए सामुदायिक सहभागिता की आवश्यकता पर बल दिया। महिला एवं बाल विकास विभाग के सहयोग से जिला कार्यक्रम अधिकारी द्वारा निक्षय मित्र बनने की घोषणा की गई तथा महिला सशक्तिकरण, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, सखी वन स्टॉप सेंटर एवं घरेलू हिंसा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा करते हुए टीबी उन्मूलन में समाज की भागीदारी पर जोर दिया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि एवं जिला पंचायत सीईओ सुश्री आकांक्षा शिक्षा खालको द्वारा टीबी मुक्त पंचायतों आमगांव, टूरथा, तिमनार एवं मातला के सरपंचों को महात्मा गांधी की प्रतिमा एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। साथ ही स्वास्थ्य विभाग के फील्ड अधिकारियों, सीएचओ, मितानिनों एवं निक्षय मित्रों को टीबी उन्मूलन के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य हेतु सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में जिला क्षय अधिकारी बी.एन. बानपुरिया, जिला कार्यक्रम प्रबंधक राजीव बघेल, जिला कार्यक्रम प्रबंधक श्री जयदीप देवांगन, पीपीएम समन्वयक द्वारिका प्रसाद साहू, जिला मिशन समन्वयक श्रीमती बिंदेश्वरी साहू महिला बाल विकास विभाग नारायणपुर जिला पीएमडीटी समन्वयक संगीता ब्रम्हानोटिया, एसटीएलएस प्रशांत ठाकुर, एसटीएस नंद कुमार, टीबी चैंपियन रेवती मांडवी सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के माध्यम से टीबी मुक्त भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने हेतु जनभागीदारी बढ़ाने का संदेश दिया गया। विश्व क्षय दिवस पर 100 दिवसीय सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है जिसमे हैंड हेल्ड एक्सरे मशीन से टीबी संभावित 76 मरीजों का एक्सरे जांच किया गया।
