भीलवाड़ा। आम दिनों में कानून व्यवस्था संभालने और त्योहारों के दौरान लगातार ड्यूटी में व्यस्त रहने वाले पुलिसकर्मियों ने भीलवाड़ा पुलिस लाइन में उत्साह और भाईचारे के साथ होली का पर्व मनाया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों और जवानों ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं और पारंपरिक गीतों व संगीत के साथ त्योहार का आनंद लिया।
पुलिस लाइन में आयोजित कार्यक्रम में जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह यादव और जिला कलेक्टर जसमीत सिंह संधू सहित कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों ने भाग लिया और आपसी मेलजोल के साथ होली खेलते हुए त्योहार की खुशियां साझा कीं।
इस दौरान पुलिसकर्मी भोजपुरी, राजस्थानी, हरियाणवी और फिल्मी गीतों पर नाचते हुए नजर आए। कई जवानों ने एक-दूसरे के साथ फोटो खिंचवाकर इस मौके को यादगार बनाया। पूरे कार्यक्रम के दौरान पुलिस परिवार के सदस्यों के चेहरों पर खुशी और उत्साह साफ दिखाई दे रहा था।
जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह यादव ने बताया कि पुलिस लाइन में हर साल होली का आयोजन आपसी भाईचारे को बढ़ावा देने के उद्देश्य से किया जाता है। उन्होंने कहा कि होली और धुलंडी के दिन पुलिसकर्मी शहर में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार ड्यूटी में तैनात रहते हैं, इसलिए ड्यूटी के बाद पुलिस परिवार एक साथ मिलकर त्योहार की खुशियां मनाता है।
उन्होंने कहा कि इस बार भी शहरवासियों ने होली और धुलंडी का त्योहार शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाया, जिसके लिए उन्होंने सभी नागरिकों को धन्यवाद और शुभकामनाएं दीं।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि त्योहारों के दौरान जनता का सहयोग पुलिस के लिए बेहद महत्वपूर्ण होता है। इसी सहयोग से शहर में शांति व्यवस्था बनी रहती है और लोग सुरक्षित वातावरण में त्योहारों का आनंद ले पाते हैं। कार्यक्रम के अंत में सभी पुलिसकर्मियों ने एक-दूसरे को गले लगाकर होली की बधाई दी और आपसी सौहार्द बनाए रखने का संकल्प लिया।
