Type Here to Get Search Results !

🔴LIVE TV

जन शिकायतों पर सख्त DM: लापरवाही पर वेतन रोकने के निर्देश - NN81




न्यूज़ नेशन 81 क्राइम ब्यूरो सोनभद्र रामआश्रय बिंद 


सोनभद्र। जिलाधिकारी बी.एन. सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त जन शिकायतों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण को लेकर एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ विभिन्न विभागों के जिम्मेदार अधिकारी मौजूद रहे।


बैठक के दौरान आईजीआरएस पोर्टल पर दर्ज शिकायतों के निस्तारण में बड़ी संख्या में असंतुष्ट फीडबैक मिलने पर जिलाधिकारी ने कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने अधिशासी अभियंता जल निगम (ग्रामीण), अधिशासी अभियंता नगरीय, अधिशासी अभियंता विद्युत पिपरी, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी, खाद्य विपणन अधिकारी एवं ज्येष्ठ खान अधिकारी के खिलाफ वेतन भुगतान रोकने और स्पष्टीकरण जारी करने के निर्देश दिए।


जिलाधिकारी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि प्रदेश सरकार की प्राथमिकता है कि जनता दर्शन, तहसील दिवस, आईजीआरएस और थाना समाधान दिवस में आने वाली शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण हो, ताकि आम जनता को राहत मिल सके।


उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे शिकायतों के निस्तारण के लिए स्वयं मौके पर जाकर जांच करें, शिकायतकर्ता से फीडबैक लें और कार्यवाही के जीपीएस युक्त फोटो पोर्टल पर अपलोड करें। 


साथ ही, रोजाना आईजीआरएस पोर्टल लॉगिन कर नई शिकायतों की समीक्षा करते हुए उनका समय पर समाधान सुनिश्चित करें। डीएम ने चेतावनी देते हुए कहा कि अंतिम समय में निस्तारण करने या लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।


बैठक में मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी, अपर जिलाधिकारी (वि/रा) वागीश कुमार शुक्ला, अपर जिलाधिकारी न्यायिक रमेश चंद्र, जिला विकास अधिकारी हेमंत कुमार सिंह, डीसी मनरेगा रविंद्र वीर सिंह, समाज कल्याण अधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह भदौरिया, जिला पंचायत राज अधिकारी नमिता शरण सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Advertisement

#codes