न्यूज़ नेशन 81 क्राइम ब्यूरो सोनभद्र रामआश्रय बिंद
सोनभद्र। रॉबर्ट्सगंज स्थित पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में सोमवार देर शाम जायसवाल समाज द्वारा एक महत्वपूर्ण बैठक एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में समाज के उन सदस्यों का भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया गया,जिन्हें हाल ही में विभिन्न पदों पर मनोनीत एवं नियुक्त किया गया है। इस अवसर पर रमेश जायसवाल को उत्तर प्रदेश के राज्यपाल द्वारा नगर पालिका परिषद का सभासद मनोनीत किए जाने, आकाश जायसवाल को भारतीय जनता पार्टी सोनभद्र का जिला कोषाध्यक्ष तथा प्रमिला जायसवाल को जिला मंत्री बनाए जाने पर माल्यार्पण, अंगवस्त्र एवं स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए आकाश जायसवाल ने कहा कि वे पिछले लगभग आठ वर्षों से भाजपा में एक सक्रिय कार्यकर्ता के रूप में कार्य कर रहे हैं।पार्टी द्वारा दी गई इस जिम्मेदारी को वे पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ निभाएंगे। वहीं प्रमिला जायसवाल ने कहा कि समाज की एकजुटता और सक्रियता के कारण उन्हें यह दायित्व मिला है। उन्होंने इसके लिए पूरे जायसवाल समाज के प्रति आभार व्यक्त किया। रमेश जायसवाल ने अपने संबोधन में कहा कि पूर्व कार्यकाल में नगर पालिका परिषद में जायसवाल समाज का प्रतिनिधित्व रहा, लेकिन इस बार कोई सदस्य नहीं था। ऐसे में उनका सभासद पद पर मनोनीत होना समाज की मजबूती का प्रतीक है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वे समाज के हितों के लिए सदैव समर्पित रहेंगे। कार्यक्रम में समाज के अध्यक्ष हीरालाल जायसवाल, कार्यकारी अध्यक्ष चंद जायसवाल, संयोजक आनंद प्रताप जायसवाल, महामंत्री राधेश्याम जायसवाल, उपाध्यक्ष राजेश जायसवाल सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन आनंद प्रताप जायसवाल ने किया।
