न्यूज़ रिपोर्टर देवकरण माली
भीलवाड़ा = जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत भीलवाड़ा पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए मात्र 24 घंटे में 5 अलग-अलग कार्रवाईयों में कुल 227 किलो 320 ग्राम अवैध अफीम डोडा चूरा जब्त किया है। साथ ही तस्करी में प्रयुक्त 5 लग्जरी वाहनों को भी जब्त किया गया तथा दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। जब्त मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 34 लाख रुपये आंकी गई है।
जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह (IPS) के निर्देशानुसार अवैध मादक पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पारस जैन के निर्देशन एवं वृत्ताधिकारी बाबूलाल विश्नोई के सुपरविजन में थाना बिजौलिया के थानाधिकारी स्वागत पाण्डया के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया।
5 अलग-अलग कार्रवाईयों में बड़ी बरामदगी
पुलिस थाना बिजौलिया ने 21 व 22 मार्च को लगातार कार्रवाई करते हुए एनएच-27 सहित विभिन्न क्षेत्रों में नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहनों की तलाशी ली।
पहली कार्रवाई में पोलो कार से 45.640 किलो डोडा चूरा बरामद कर जयपुर ग्रामीण निवासी मोहनलाल को गिरफ्तार किया गया।
दूसरी कार्रवाई में फ्रोंक्स कार से 43.740 किलो डोडा चूरा बरामद कर अजमेर निवासी जीतराम को पकड़ा गया।
तीसरी कार्रवाई में क्षतिग्रस्त आई20 कार से 46.440 किलो डोडा चूरा जब्त किया गया, हालांकि चालक फरार मिला।
चौथी कार्रवाई में वेन्यू कार से 46.050 किलो डोडा चूरा बरामद किया गया।
पांचवीं कार्रवाई में इग्निस कार से 45.450 किलो डोडा चूरा जब्त किया गया।
सभी मामलों में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/15 के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस टीम की अहम भूमिका
इन कार्रवाईयों में थाना बिजौलिया की पुलिस टीम के कई अधिकारियों और जवानों की विशेष भूमिका रही, जिनमें नरेश कुमार, सुनील बेनिवाल, हेमाराम, लक्ष्मण सिंह सहित अन्य कार्मिक शामिल हैं।
तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इस प्रकार की गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
