भीलवाड़ा। जिले के पारोली थाना पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मंदिर में हुई चोरी की वारदात का महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी हुए चांदी के आभूषण भी बरामद कर लिए हैं।
जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह (IPS) के निर्देशानुसार जिले में चोरी की घटनाओं की रोकथाम और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शाहपुरा राजेश आर्य के मार्गदर्शन एवं वृताधिकारी कोटड़ी सुरेश कुमार के सुपरविजन में थाना प्रभारी सियाराम पुनि के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया।
पुलिस के अनुसार, प्रार्थी रामलक्ष्मण पुत्र रामरतन वैष्णव निवासी बागुदार ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 18 मार्च 2026 को दोपहर करीब 2:30 से 3:20 बजे के बीच अज्ञात व्यक्ति ने श्री चारभुजा नाथ मंदिर बागुदार से चांदी का छत्र, आरती एवं चांदी की गाय सहित अन्य आभूषण चोरी कर लिए। साथ ही पुजारी दुर्गालाल तिवारी ने भी मंदिर से अन्य चांदी के छत्र चोरी होने की जानकारी दी।
रिपोर्ट पर थाना पारोली में प्रकरण संख्या 49/2026 धारा 305(ए), 331(3) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे करीब 50-60 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर संदिग्ध की पहचान की।
पुलिस ने बडलियास निवासी 55 वर्षीय अशोक पुत्र भूरा लाल सोनी को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिस पर उसने चोरी की वारदात कबूल कर ली। इसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर चोरी किए गए आभूषण बरामद कर लिए गए।
इस कार्रवाई में थाना पारोली की टीम के सदस्यों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, जिसमें विशेष रूप से शैतान सिंह का योगदान उल्लेखनीय रहा।
पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्रवासियों में विश्वास बढ़ा है।
