कहा पीएम मोदी ने हमारे लिए भेजा है महतारी वंदन की राशि
महिलाओं के आत्मनिर्भर भविष्य की मजबूत आधारशिला
सुकमा/ छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा महिलाओं के सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शुरू की गई महतारी वंदन योजना आज राज्य की लाखों महिलाओं के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन ला रही है। यह योजना न केवल आर्थिक सहारा प्रदान कर रही है, बल्कि महिलाओं को सामाजिक रूप से भी सशक्त बना रही है।
राज्य के प्रथम नक्सल सदस्य मुक्त पंचायत बड़ेसेट्टी की निवासी श्रीमती पोडियम माड़के के लिए यह योजना संकटकाल में संबल सिद्ध हुई है। उन्होंने बताया कि योजना के अंतर्गत प्रतिमाह मिलने वाली राशि से वे घरेलू खर्च, इलाज और बाजार कार्य जैसी आवश्यक जरूरतों को पूरा कर पा रही हैं। यह सहायता उनके परिवार के लिए बड़ी राहत लेकर आई है। उनसे महतारी वंदन योजना की राशि के बारे में पूछने पर बताया कि ये राशि मोदी ने हमारे लिए भेजा है।
श्रीमती माड़के ने इस जनहितकारी पहल के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व वाली राज्य सरकार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह योजना ग्रामीण महिलाओं के जीवन में वास्तविक बदलाव ला रही है। उन्होंने देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का भी धन्यवाद ज्ञापित किया, जिनके मार्गदर्शन में महिलाओं के सशक्तिकरण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है।
महतारी वंदन योजना के माध्यम से राज्य सरकार ने यह सुनिश्चित किया है कि महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाया जाए, ताकि वे परिवार और समाज में सशक्त भूमिका निभा सकें। यह योजना महिलाओं को आत्मसम्मान, आत्मविश्वास और सुरक्षा का नया आधार प्रदान कर रही है।
जिला ब्यूरो चीफ प्रमोद कुमार नाग।
