सोनकच्छ में शासन के निर्देशानुसार विकासखंड स्तर पर सिविल अस्पताल सोनकच्छ में “संकल्प से समाधान अभियान” के अंतर्गत स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिकों ने पहुंचकर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। मुख्य खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. राकेश कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि शिविर में कुल 513 मरीजों का पंजीयन किया गया। सिविल अस्पताल सोनकच्छ एवं अमलतास हॉस्पिटल की विशेषज्ञ टीम द्वारा 78 गर्भवती महिलाओं का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक उपचार प्रदान किया गया। नेत्र रोग विशेषज्ञ द्वारा 59 नेत्र रोगियों की जांच कर उपचार किया गया तथा 18 मरीजों का मोतियाबिंद ऑपरेशन हेतु चयन किया गया। कैंसर रोग विशेषज्ञ द्वारा 97 संभावित कैंसर मरीजों की स्क्रीनिंग की गई। परिवार कल्याण कार्यक्रम के अंतर्गत 112 महिलाओं को परामर्श देकर अस्थायी साधनों के प्रति प्रेरित किया गया। आरबीएसके टीम द्वारा 8 बच्चों की मुख्यमंत्री बाल हृदय उपचार योजना के अंतर्गत स्क्रीनिंग की गई। शिविर में अन्य सामान्य रोगियों की भी जांच एवं उपचार किया गया तथा 16 आयुष्मान कार्ड बनाए गए। शिविर का निरीक्षण मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी सरोजिनी जेम्स बैक द्वारा किया गया। इस अवसर पर संस्था के वरिष्ठ चिकित्सकगण, नर्सिंग ऑफिसर, पैरामेडिकल स्टाफ एवं अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।
सुनील सिंह चौहान
