न्यूज़ रिपोर्टर नारायण खारोले
मांडल (भीलवाड़ा) = मांडल क्षेत्र के चतरपुरा गांव में प्रेम प्रसंग के संदेह को लेकर एक ही परिवार के सदस्यों पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। इस घटना में महिलाओं, बुजुर्ग और एक मासूम सहित करीब आधा दर्जन लोग घायल हो गए, जिनका जिला अस्पताल में उपचार जारी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आरोपियों ने पीड़ित परिवार के घर पर अचानक धावा बोल दिया और लाठियों व डंडों से बेरहमी से हमला कर दिया। हमले में गीता देवी पत्नी नानूराम (70 वर्ष), महावीर पुत्र केसर सिंह (30 वर्ष), लादी देवी पत्नी जगदीश (50 वर्ष), जगदीश (55 वर्ष), सीमा देवी (23 वर्ष) तथा 13 माह की मासूम ज्योति घायल हो गई।
घायलों को पहले स्थानीय स्तर पर प्राथमिक उपचार दिया गया, लेकिन हालत गंभीर होने पर सभी को जिला अस्पताल भीलवाड़ा रेफर किया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
घटना के बाद गांव में कुछ समय के लिए तनाव का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही मांडल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में लिया। प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम प्रसंग के संदेह से जुड़ा बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है।
इस संबंध में मांडल थाना प्रभारी रोहतांग यादव ने बताया कि पीड़ित पक्ष की रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जा रही है। घायलों के बयान दर्ज कर लिए गए हैं और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है। जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
