सनातन संस्कृति और सामाजिक समरसता का दिया गया संदेश
नौरोजाबाद/उमरिया।
मदनलाल बर्मन की रिपोर्ट
उमरिया जिले के करकेली विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत कंचनपुर के पीपल चौक में हिंदू जागरण एवं सामाजिक समरसता की नई ऊर्जा प्रदान करने के उद्देश्य से एक विशाल हिंदू सम्मेलन का आयोजन भव्य रूप से किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में वृंदावन धाम से पधारे परम पूजनीय पंडित श्री प्रदीप कृष्ण शास्त्री जी उपस्थित रहे। वहीं श्री हरिश्चंद्र द्विवेदी, प्रांत समन्वयक प्रमुख महाकौशल, ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की।
सम्मेलन की शुरुआत मुख्य अतिथियों द्वारा भारत माता के तैल चित्र पर दीप प्रज्वलन कर की गई। इसके पश्चात अतिथियों का पुष्प, नारियल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मान किया गया।
कार्यक्रम के दौरान सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी आयोजित की गईं, जिसने आयोजन को और भी भव्य बना दिया। वृंदावन धाम से आए पंडित श्री प्रदीप कृष्ण शास्त्री जी ने अपने अनमोल वचनों के माध्यम से सनातन संस्कृति, सनातन धर्म एवं सर्व हिंदू समाज की एकता पर प्रकाश डालते हुए समाज में जागरूकता और सांस्कृतिक चेतना का संदेश दिया।
उन्होंने क्षेत्रवासियों से एकता, अखंडता एवं सामाजिक समरसता बनाए रखने का आह्वान किया। सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य संपूर्ण हिंदू समाज को संगठित कर सांस्कृतिक मूल्यों को सुदृढ़ करना बताया गया।
कार्यक्रम के समापन पर सामूहिक भारत माता की आरती की गई, जिसके पश्चात विशाल भंडारे का आयोजन हुआ। सभी श्रद्धालुओं एवं अतिथियों ने एक साथ बैठकर प्रसाद ग्रहण किया।
इस हिंदू सम्मेलन में दूर-दराज से आए अतिथियों सहित क्षेत्र एवं आसपास के ग्रामीणजन सैकड़ों की संख्या में उपस्थित रहे, जिससे कार्यक्रम ऐतिहासिक एवं सफल रहा
