Type Here to Get Search Results !

🔴LIVE TV

महाशिवरात्रि पर स्वच्छ व जगमग होगा अमरोहा, पालिका प्रशासन ने की व्यापक तैयारियां :- NN81




अमरोहा। आगामी 15 फरवरी को मनाए जाने वाले महाशिवरात्रि पर्व को लेकर नगर पालिका परिषद अमरोहा ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। इस वर्ष नगरवासियों और कांवड़ यात्रियों को गत वर्षों की अपेक्षा बेहतर नगरीय सुविधाएं उपलब्ध कराने का दावा किया गया है।


महाशिवरात्रि के अवसर पर भगवान भोलेनाथ के भक्त कांवड़ में गंगाजल लाकर नगर के प्रमुख शिवालयों, विशेषकर वासुदेव तीर्थ एवं बाबा गंगानाथ मंदिर में जलाभिषेक करते हैं। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं का आगमन होता है, जिसे देखते हुए पालिका प्रशासन ने विशेष व्यवस्था की है।


नगर पालिका परिषद अमरोहा की अध्यक्ष शशि जैन एवं उपनगर आयुक्त डॉ. बृजेश कुमार के निर्देशन में अधीनस्थ अधिकारियों व कर्मचारियों को अलग-अलग दायित्व सौंपे गए हैं। नगर के प्रमुख मंदिरों और शिवालयों के आसपास विशेष सफाई, जल छिड़काव और चूना डालने के निर्देश दिए गए हैं। सफाई एवं खाद्य निरीक्षकों की ड्यूटी इन क्षेत्रों में लगाई गई है।


कांवड़ मार्गों पर निर्बाध पथ प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए सभी प्रकाश बिंदुओं की जांच कर खराब लाइटों को दुरुस्त करने के आदेश जल एवं प्रकाश प्रभारी को दिए गए हैं। महाशिवरात्रि पर नगर में निरंतर जलापूर्ति बनाए रखने के निर्देश जारी किए गए हैं। विद्युत आपूर्ति बाधित होने की स्थिति में जनरेटर के माध्यम से जलापूर्ति सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी अवर अभियंता जलकल को सौंपी गई है।


इसके अतिरिक्त कांवड़ मार्गों का निरीक्षण कर क्षतिग्रस्त सड़कों की तत्काल मरम्मत के लिए अवर अभियंता निर्माण को निर्देशित किया गया है। मार्गों को अतिक्रमण से मुक्त कराने तथा प्रतिबंधित प्लास्टिक और थर्माकोल उत्पादों पर रोक लगाने के लिए कर अनुभाग की टीम को सक्रिय किया गया है।


उपनगर आयुक्त डॉ. बृजेश कुमार ने नगरवासियों से अपील की है कि अमरोहा को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाए रखने में पालिका प्रशासन का सहयोग करें तथा जागरूक नागरिक होने का परिचय दें।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Advertisement

#codes