भीलवाड़ा। शहर के महात्मा गांधी चिकित्सालय परिसर स्थित मातृ एवं शिशु इकाई के बाहर बने पालना गृह में आज सुबह एक नवजात बालिका मिलने से अस्पताल प्रशासन में हड़कंप मच गया। पालना की घंटी बजते ही चिकित्सा स्टाफ तुरंत मौके पर पहुंचा और बच्ची को सुरक्षित रूप से एन.आई.सी.यू. वार्ड में भर्ती कराया गया।
अस्पताल सूत्रों के अनुसार नवजात बालिका का वजन करीब 1 किलो 625 ग्राम बताया गया है। प्राथमिक जांच के बाद उसे विशेष निगरानी में रखा गया है। घटना की सूचना पुलिस प्रशासन और बाल कल्याण समिति, भीलवाड़ा को दी गई।
सूचना मिलते ही बाल कल्याण समिति के सदस्य अस्पताल पहुंचे और चिकित्सकों को नवजात के बेहतर उपचार के निर्देश दिए। साथ ही नवजात की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जिला पुलिस अधीक्षक को पत्र लिखकर महिला गार्ड तैनात करने की कार्यवाही की गई।
चिकित्सा अधीक्षक को नवजात की समुचित देखभाल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। बाल कल्याण समिति की अध्यक्ष चन्द्रकला ओझा एवं सदस्य विनोद राव ने नवजात को समिति के संरक्षण में लेकर उसका अस्थायी नाम “यशा” रखा है।
फिलहाल बच्ची की हालत स्थिर बताई जा रही है और चिकित्सकों की टीम उसकी लगातार निगरानी कर रही है। प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि किसी भी आपात स्थिति में पालना गृह जैसी सुविधा का उपयोग करें, जिससे नवजातों की जान सुरक्षित रह सके।
