Type Here to Get Search Results !

🔴LIVE TV

धर्मनगरी भीलवाड़ा में कल होगी सनातन की गूंज, संत दर्शन एवं शोभायात्रा से दिखेगी सनातन एकता की झलक :-NN81



 जीवात्मा ओर परमात्मा के दिव्य मिलन का नाम रास- डॉ.पाराशर 


 महामंडलेश्वर स्वामी गुरूशरणानंद महाराज रमणरेती का भीलवाड़ा पहुंचने पर संतों ने किया स्वागत 


 श्रीमद् भागवत कथा में रास लीला एवं रूक्मणी विवाह प्रसंग का वाचन 


 हरि शेवा उदासीन आश्रम सनातन मंदिर भीलवाड़ा के तत्वावधान में आठ दिवसीय सनातन मंगल महोत्सव एवं दीक्षा दान समारोह के सातवें दिन बुधवार को भीलवाड़ा में संत दर्शन एवं सनातन शोभायात्रा का आयोजन होगा। इसके माध्यम से दीक्षा लेने जा रहे तीनों दीक्षार्थियों की नगर परिक्रमा होगी। इस आयोजन के माध्यम से संत दर्शन के साथ सनातन एकता की झलक भी दिखेगी। बुधवार को प्रात: 8 बजे भीलवाड़ा के अयोध्यानगर (दूधाधारी मंदिर) से प्रारंभ होने वाली शोभायात्रा में दीक्षार्थी बंधुओं, संत महापुरूषों के साथ नगर प्रभात फेरी मण्डलियां शामिल होगी। शोभायात्रा में हजारों श्रद्धालु भाई बहन शामिल होकर सनातन एकता प्रदर्शित करेंगे। शोभायात्रा नगर परिक्रमा करते हुए हरि शेवा धाम पहुंचकर सम्पन्न होगी। शोभायात्रा में उदासीन कार्ष्णि पीठाधीश्वर महामंडलेश्वर स्वामी गुरूशरणानंद महाराज रमणरेती गोकुल वन मथुरा सहित देश के विभिन्न क्षेत्रों से आए संत महात्माओं का भी सानिध्य मिलेगा। गुरूशरणानंद महाराज के मंगलवार को हेलिकॉप्टर से भीलवाड़ा पहुंचने पर हरि शेवा उदासीन आश्रम के महामंडलेश्वर स्वामी हंसराम उदासीन महाराज सहित कई संत महात्माओं ने भव्य स्वागत किया। महामंडलेश्वर स्वामी हंसराम उदासीन ने बताया कि दीक्षार्थी इन्द्रदेव, सिद्धार्थ एवं कुनाल की नगर परिक्रमा शोभायात्रा को लेकर भीलवाड़ा में उत्साह का माहौल है ओर नजारा अयोध्या जैसा प्रतीत हो रहा है। जगह-जगह स्वागत द्वार बनाए गए है ओर भीलवाड़ावासी सर्व सनातनी इस आयोजन में शामिल होने के लिए आतुर है। शोभायात्रा में नासिक, जम्मू, उड़ीसा की ढोल वाली टीमों के साथ  शिव बारात व उज्जैन से महाकाल की टीम भी होगी। उन्होंने बताया कि 26 फरवरी को सुबह 9 बजे से हरि शेवा आश्रम परिसर में दीक्षा दान समारोह का भव्य आयोजन होगा। इस अवसर पर दोपहर 1 बजे से एक संगत- एक पंगत- एक भाषा-एक भूषा के साथ विशाल समष्टि भण्डारे का आयोजन भी अग्रवाल उत्सव भवन (रोडवेज बस स्टैंड के सामने) में होगा। इधर, सनातन मंगल महोत्सव एवं दीक्षा दान समारोह के तहत श्रीमद भागवत महापुराण कथा के छठे दिन व्यास पीठ पर विराजित श्रीधाम वृन्दावन के कथा व्यास डॉ. श्यामसुन्दर पाराशर के मुखारबिंद से रासलीला एवं रूक्मणी विवाह प्रसंग का वाचन हुआ। डॉ. पाराशर ने रासलीला का महत्व समझाते हुए कहा कि जीवात्मा ओर परमात्मा के दिव्य मिलन का नाम रास है। रास के माध्यम से भगवान अपने रसिकों को रसास्वादन कराते है। भोल बाबा शिव भी रास का आनंद लेने के लिए गोपी के रूप में आते है। जो भी कृष्ण दर्शन की आस रखते है उन्हें रात में सोने से पहले गोपी गीत का पाठ करना चाहिए। वियोग के बिना संयोग का महत्व नहीं ओर विरह के बिना मिलन का सुख नहीं होता है। उन्होंने कहा कि भगवान की कथा का अमृत पीने से जीवन के सारे संताप नष्ट हो जाते है ओर सभी तनाव दूर होते है। जो भगवान की कथा सुना भक्त के ह्दय में हरि विराजित कर दे उस वक्ता से बड़ा महादानी कोई नहीं हो सकता। डॉ.पाराशर ने माता-पिता की सेवा की प्रेरणा देते हुए कहा कि माता-पिता संतान के लिए अपने सारे सुख ओर पूरा जीवन समर्पित कर देते है लेकिन दुर्भाग्य से संतानों के पास उनकी सेवा के लिए समय ही नहीं होता। जीवन में अपने दाता ओर उपकारी को कभी नहीं भूलना चाहिए। उन्होंने कहा कि सर्व समावेशी प्राचीन भारतीय गुरूकुलों की स्थापना के बिना भारतीय संस्कृति का पुनरूत्थान नहीं हो सकता। गुरूकुल की शिक्षा संस्कार देने वाली थी। लोक ओर परलोक दोनों को सुखी बनाना चाहते है तो ऋषियों के बताए मार्ग पर चलना होगा। रूक्मणी विवाह प्रसंग के दौरान भगवान कृष्ण ओर रूक्मणी विवाह की सजीव झांकी सजाई गई। विवाह प्रसंग के अवसर पर पांडाल में उल्लास का माहौल छा गया ओर मंच पर संतों ने भगवान कृष्ण संग फूलों की होली खेली। कथा के दौरान गोपी संग राधा नाचे कृष्ण नाचे, आज दुल्हा बने नंदलाल जैसे भजनों पर श्रद्धालु जमकर झूमते रहे ओर भगवान के जयकारे गूंजायमान होते रहे। कथा के छठे दिवस के विश्राम पर व्यास पीठ की आरती करने वालों में कई संत महात्मा शामिल थे। इनके साथ भीलवाड़ा के विभिन्न समाजों एवं सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों, सनातन सेवा समिति एवं हंसगंगा हरि शेवा भक्त मण्डल के पदाधिकारी एवं सदस्यों व श्रद्धालुओं ने आरती की। संचालन पंडित अशोक व्यास ने किया। श्रीमद् भागवत महापुराण कथा के अंतिम दिवस गुरूवार को दोपहर 1 से 4 बजे तक सुदामा चरित्र प्रसंग एवं भागवतसार का वाचन होगा।


 महामंडलेश्वर स्वामी गुरूशरणानंद महाराज रमणरेती का भव्य स्वागत 


उदासीन कार्ष्णि पीठाधीश्वर महामंडलेश्वर स्वामी गुरूशरणानंद महाराज रमणरेती गोकुल वन मथुरा का मंगलवार को हेलिकॉप्टर से भीलवाड़ा पुलिस लाइन पहुंचने पर हरि शेवा उदासीन आश्रम के महामंडलेश्वर स्वामी हंसराम उदासीन महाराज के साथ विभिन्न संत महात्माओं ने स्वागत किया। हेलिपेड पर स्वागत करने वालों में महामंडलेश्वर स्वामी शरणानंद पठानकोट, मेवाड़ महामंडलेश्वर स्वामी हितेश्वरानंद सरस्वती चांवड़, श्री महंत धर्मेन्द्रदास लखनउ, महंत स्वरूपदास उदासीन अजमेर, संत गोविन्दराम उदासीन, संत संतदास उदासीन इन्दौर आदि भी शामिल थे। हरिशेवा उदासीन आश्रम सनातन मंदिर पहुंचने पर सनातन सेवा समिति एवं हंसगंगा हरि शेवा भक्त मण्डल व दुर्गा शक्ति अखाड़ा के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने भाव के साथ स्वागत किया। इससे पूर्व सोमवार को श्री रैवासा वृन्दावन धाम के श्री अग्रपीठाधीश्वर मूलकपीठाधीश्वर स्वामी राजेन्द्रदास देवाचार्य महाराज ने भीलवाड़ा प्रवास के दौरान महामंडलेश्वर स्वामी हंसराम उदासीन के साथ हरि शेवा धाम परिसर में स्थित बाबा शेवाराम साहब की समाधि एवं चारों समाधियों के दर्शन किए। धाम में भगवान श्री श्रीचंदजी के भी दर्शन किए। उन्होंने यज्ञशाला सहित विभिन्न अनुष्ठानों को देखा।



 सनातन मंगल महोत्सव में चल रहे धार्मिक अनुष्ठान कल होंगे सम्पन्न 


सनातन मंगल महोत्सव एवं दीक्षा दान समारोह के तहत विश्व कल्याण एवं सर्व मंगल की कामना से आयोजित सात दिवसीय विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान बुधवार को पूर्ण होंगे। महोत्सव में प्रतिदिन वैदिक अग्नि अनुष्ठान पंचकुण्डीय श्री विष्णु महायज्ञ, श्री अष्टोतर शत (108) भागवत मूल पाठ एवं शतचण्डी, अखण्ड श्रीमद् भगवतगीता पाठ, श्री रामचरितमानस पाठ, श्रीचंद सिद्धांत सागर पाठ, अखण्ड श्री रामनाम संकीर्तन जारी है। काशी के यज्ञाचार्य कामेश्वरनाथ तिवारी के सानिध्य में विद्धानों द्वारा यज्ञ सम्पादन एवं चारों वेद के मूल पाठ का पारायण हो रहा है। श्रीधाम वृन्दावन के रसिकाचार्य कुंजबिहारी शर्मा श्री निकुंज बिहारी रासलीला मण्डल के लीलाकारों द्वारा रासलीला का आयोजन भी प्रतिदिन शाम 7 बजे से हो रहा है। महोत्सव में शाम 6.30 बजे से काशी की तर्ज पर गंगा आरती का आयोजन में शामिल होने के लिए श्रद्धा एवं भक्ति भाव के साथ प्रतिदिन सैकड़ो श्रद्धालु पहुंच रहे है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Advertisement

#codes