कुन्ना से मिचवार पुल के लिए 7 करोड़ रुपये स्वीकृत, सिलगेर में बनेगा नवीन पुलिस थाना
जगरगुंडा बनेगा एजुकेशन हब
सुकमा/ मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश के वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने विधानसभा में वर्ष 2026-27 का संकल्प-आधारित बजट प्रस्तुत किया। सुशासन की प्रतिबद्धता के साथ प्रस्तुत यह बजट नीति, न्याय, निवेश, निर्माण और नवाचार के पंचतत्त्वों पर आधारित है। विकसित छत्तीसगढ़ के विजन डॉक्यूमेंट ‘छत्तीसगढ़ अंजोर-2047’ के लक्ष्यों की प्राप्ति की दिशा में इसे एक दूरदर्शी और परिणाममुखी कदम माना जा रहा है। इस बजट में सुकमा जिले को विशेष प्राथमिकता दी गई है, जिससे जिले के सर्वांगीण विकास को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।
शिक्षा क्षेत्र में बड़ा निवेश
जगरगुंडा में एजुकेशन सिटी की स्थापना के लिए 50 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। इसका उद्देश्य तथाकथित नक्सलवाद के गढ़ कहे जाने वाले जगरगुंडा को शिक्षा के केन्द्र बिन्दु के रूप में विकसित करना है। इससे शिक्षा की गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार होगा और विद्यार्थियों को आधुनिक शैक्षणिक संसाधनों का लाभ मिलेगा।
अधोसंरचना परियोजनाओं से विकास को गति
प्रदेश में बड़े इन्फ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स को भी बजट में शामिल किया गया है। ग्रामीणों की माँग पर कुन्ना से मिचवार में पुल निर्माण कार्य परियोजना के लिए 7 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है। इससे रोड कनेक्टिविटी को नई दिशा मिलेगी और बरसात के दिनों में भी ग्रामीण आवागमन कर सकेंगे। खेल अधोसंरचना विकास के अंतर्गत स्टेडियम निर्माण के लिए सुकमा जिले का भी चयन किया गया है। यह बजट जिले को विकसित छत्तीसगढ़ के लक्ष्य की ओर तेजी से अग्रसर करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
सामाजिक सरोकारों का सशक्त आधार, नक्सलवाद पर अंतिम प्रहार
सुकमा जिले में नक्सलवाद के ऊपर प्रहार करते हुए घोर नक्सल प्रभावित गांव रहे सिलगेर में नवीन पुलिस थाने स्थापित करने की स्वीकृति प्रदान की गई है। इसके साथ ही युवाओं को रोजगार प्रदान करने के लिए बस्तर फाइटर में भी 1500 नवीन पदों की स्वीकृति प्रदान की गई है। यह पहल सामाजिक सुधार, जनजागरूकता और स्वस्थ समाज के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। समग्र रूप से देखा जाए तो वर्ष 2026-27 का यह बजट शिक्षा, अधोसंरचना और सामाजिक विकास के नए आयाम प्रदान करने वाला साबित होगा।
जिला ब्यूरो चीफ प्रमोद कुमार नाग।
