-वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस जांच में जुटी
अमरोहा। नगर कोतवाली क्षेत्र से एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां एक महिला ने मोहल्ले में ही रहने वाले युवक पर मानसिक उत्पीड़न, ब्लैकमेलिंग और धमकियों के गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता ने अपनी आपबीती का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल किया है, जिसमें उसने खुद को असुरक्षित बताते हुए पुलिस प्रशासन से मदद की गुहार लगाई है।
पीड़िता का कहना है कि करीब 15 दिन पहले दोनों पक्षों के बीच आपसी समझौते के तहत मामला सुलझा लिया गया था, इसके बावजूद आरोपी युवक उसे लगातार परेशान कर रहा है। महिला के अनुसार युवक नई-नई फर्जी आईडी बनाकर लगातार मैसेज भेज रहा है और उसे ब्लैकमेल करने का प्रयास कर रहा है।
महिला ने आरोप लगाया कि जब इस संबंध में शिकायत करने उसके ससुराल पक्ष के लोग आरोपी साहिल के घर पहुंचे, तो वहां युवक ने उसके पति और जेठ के साथ बेरहमी से मारपीट की। पीड़िता का कहना है कि लगातार मिल रही धमकियों और मानसिक दबाव के चलते वह बेहद डरी हुई है और उसे किसी भी समय नुकसान पहुंचाया जा सकता है।
पीड़िता ने पुलिस प्रशासन से पूरे मामले में सख्त कार्रवाई करने और अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। वायरल वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले को संज्ञान में लेते हुए जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट मौ। अज़ीम अमरोहा
