उमरिया, 24 फरवरी 2026। जिले में अवैध रेत उत्खनन और शराब ठेकेदारों द्वारा नियमों के उल्लंघन के विरोध में भाजपा पदाधिकारियों ने कलेक्टर को जनसुनवाई आवेदन सौंपकर तत्काल कार्रवाई की मांग की है। आवेदन में आरोप लगाया गया है कि भारतीय जनता पार्टी के जिला पदाधिकारियों और मंडल अध्यक्षों ने प्रशासन से अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने की अपील की है।
आवेदन में बताया गया कि जिले के बिलासपुर, चंदिया, उमरिया ग्रामीण, उमरिया नगर, नारोजाबाद, करकेली, कोहका और पिपरिया क्षेत्रों के अंतर्गत कई नदी घाटों से कथित रूप से बाबा महाकाल मिनरल्स द्वारा बड़े पैमाने पर अवैध रेत उत्खनन किया जा रहा है। आरोप है कि खैरभार, झाला, कर्चुलिया घाट, अमलिहा तथा मुहबला क्षेत्र में भारी मशीनों के माध्यम से बिना टीपी (ट्रांजिट पास) के हजारों डंपर रेत निकाली जा रही है, जिससे शासन को राजस्व की हानि हो रही है।
आवेदन में यह भी उल्लेख किया गया है कि अवैध उत्खनन के कारण बाजार में रेत महंगे दामों पर उपलब्ध हो रही है, जिससे आम और गरीब लोगों के लिए मकान निर्माण करना कठिन हो गया है। साथ ही ठेकेदार के कर्मचारियों पर आम नागरिकों से दुर्व्यवहार और दबाव बनाने के आरोप भी लगाए गए हैं।
इसके अलावा शराब ठेकेदार मेसर्स महाकाल लिकर्स पर भी आबकारी नियमों के उल्लंघन के आरोप लगाए गए हैं। आवेदन के अनुसार आबादी क्षेत्रों और राष्ट्रीय राजमार्ग से निर्धारित दूरी के नियमों की अनदेखी कर ग्रामीण क्षेत्रों में अवैध पैकारी संचालित की जा रही है।
भाजपा जिलामंत्री पूजा ए तथा विभिन्न मंडल अध्यक्षों ने प्रशासन से मांग की है कि दोनों ठेकेदारों के विरुद्ध तत्काल कार्रवाई कर अवैध गतिविधियों पर रोक लगाई जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो जनआंदोलन किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
मदन लाल बर्मन की रिपोर्ट
