किसान कल्याण वर्ष-2026
आगर-मालवा, 27 फरवरी। कलेक्टर श्रीमती प्रीति यादव के निर्देशन में जिले में कृषि कल्याण वर्ष 2026 के अंतर्गत फसल विविधीकरण को व्यापक रूप से प्रोत्साहित किया जा रहा है। इसके सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। जिले के किसानों ने परंपरागत फसलों के साथ-साथ सरसों, चना, मसूर, चीया सीड, किनोवा, चन्द्रसुर, कुसुम एवं सौंफ जैसी नवीन फसलों को अपनाकर कृषि जोखिम को कम किया है तथा आय में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की है।
फसल विविधीकरण के अंतर्गत जिले के कुल 53,117 कृषकों द्वारा 30,820 हेक्टेयर क्षेत्र में विविध फसलों का उत्पादन किया गया। इससे कुल 5,98,320 क्विंटल उत्पादन प्राप्त हुआ, जिससे लगभग 38,239.98 लाख रुपए की अतिरिक्त आय अर्जित हुई है।
विशेष रूप से सरसों, चना एवं मसूर जैसी दलहनी एवं तिलहनी फसलों के साथ-साथ चीया सीड एवं किनोवा जैसी नवीन एवं उच्च मूल्य वाली फसलों को अपनाने से किसानों को बेहतर बाजार मूल्य प्राप्त हुआ है। इससे न केवल कृषि जोखिम में कमी आई है, बल्कि किसानों की आय स्थिर एवं सुदृढ़ हुई है। प्रशासन द्वारा किसानों को नवीन तकनीकों, उन्नत बीज, फसल प्रबंधन एवं विपणन संबंधी मार्गदर्शन प्रदान किया जा रहा है। परिणामस्वरूप किसान आधुनिक कृषि पद्धतियों की ओर अग्रसर हो रहे हैं।
रिपोर्टर मोहम्मद आलम खान
न्यूज़ नेशन 81
