आगर मालवा, 27 फरवरी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी की मंशानुरूप व युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय भारत सरकार के निर्देशानुसार एवं मेरा युवा भारत संगठन मुख्यालय के आदेशानुसार के प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस, शासकीय नेहरु स्नातकोत्तर महाविद्यालय आगर मालवा मे शुक्रवार को विकसित भारत@2047 विजन को साकार करने की दिशा में जिला आगर मालवा मे विेकसित भारत युवा संसद 2026 का जिला स्तरीय आयोजन रखा गया। जिसमें जिले के युवाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने हेतु यह आयोजन भव्य एवं गरिमापूर्ण सम्पन्न हुआ। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को लोकतांत्रिक मूल्यों, संसदीय परंपराओं एवं समसामयिक राष्ट्रीय मुद्दों के प्रति जागरूक बनाना तथा उनमें नेतृत्व, तार्किक चिंतन एवं अभिव्यक्ति कौशल का विकास करना था।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि देवास शाजापुर संसदीय क्षेत्र के सांसद प्रतिनिधि श्री दिनेश परमार, विशिष्ट अतिथि विधायक प्रतिनिधि श्री भैरोसिंह चौहान, कार्यक्रम के अध्यक्ष संस्था प्राचार्य डॉ डी.पी. चतुर्वेदी तथा श्री देवकरण मीणा, पार्षद श्री मनीष सोलंकी, श्री विक्रम बोडाना, वन मंडल अधिकारी श्री चंदर सिंह पंवार एवं निर्णायकों द्वारा माँ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके पश्चात युवाओ द्वारा मॉ सरस्वती वंदना प्रस्तुत की गई। महाविद्यालय आगर मालवा के प्राचार्य डॉ. डी.पी. चतुर्वेदी ने स्वागत उद्बोधन देकर युवाओ को बताया कि युवा ही राष्ट्र की वास्तविक शक्ति हैं, जिनके विचार एवं संकल्प भारत को विकसित राष्ट्र बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
सर्वप्रथम मुख्य अतिथि के रूप मे पधारे देवास शाजापुर संसदीय क्षेत्र के सांसद प्रतिनिधि श्री दिनेश परमार ने युवाओ से अपने प्रेरणादायक संबोधन में कहा कि “यूथ पार्लियामेंट” जैसे मंच युवाओं को लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं की वास्तविक समझ प्रदान करते हैं तथा उन्हें जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित करते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को संविधान के मूल्यों को अपनाते हुए राष्ट्रहित में कार्य करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यार्थियों द्वारा संसद की कार्यवाही का अत्यंत प्रभावी एवं जीवंत मंचन प्रस्तुत किया गया। युवा संसद कार्यक्रम मे विद्यार्थियों ने ‘‘आपातकाल के 50 वर्षः भारत के लिए सबक‘‘ विषय पर अपने विचार रखे। जिला स्तरीय यूथ पार्लियामेंट के लिए 100 विद्यार्थियों का चयन प्राथमिक स्तर पर किया गया था। जिसमें से 05 विद्यार्थियों का चयन राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया गया। ‘‘ विकसित भारत@2047, डिजिटल अर्थव्यवस्था, आत्मनिर्भर भारत, पर्यावरण संरक्षण, महिला सशक्तिकरण, कौशल विकास, रोजगार सृजन एवं नई शिक्षा नीति जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर सारगर्भित एवं तर्कपूर्ण विचार प्रस्तुत किए। प्रतिभागियों की वक्तत्व कला, विषय की समझ एवं तार्किक प्रस्तुति ने उपस्थित सभी को प्रभावित किया।
द्वितीय वक्ता के रूप मे मेरा युवा भारत जिला आगर मालवा के जिला युवा अधिकारी श्री सागर वाधवानी ने उपस्थित युवाओं को मेरा युवा भारत केन्द्र की संक्षिप्त जानकारी देकर संबोधित करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, निर्णय लेने की योग्यता एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना का विकास करते हैं, जो विकसित भारत के निर्माण में सहायक सिद्ध होंगे। उन्होने बताया कि मेरा युवा भारत द्वारा वर्षभर अनेक प्रकार के कार्यक्रमो का आयोजन युवाओ हेतु किया जाता हैं
कार्यक्रम मे निर्णायक मंडल की भूमिका मे श्री चंदर सिंह पंवार, श्री देवकरण मीणा, श्री मुकेश दांगी, डॉ राकेश परमार, डॉ. विद्याशंकर विभूति उपस्थित रहे। जिन्होंने प्रतिभागियों का मूल्यांकन उनकी अभिव्यक्ति, तथ्यात्मक ज्ञान, तार्किकता एवं प्रस्तुतिकरण शैली के आधार पर किया। उक्त कार्यक्रम मे उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 05 प्रतिभागियों का चयन राज्य स्तर प्रतियोगिता मे हुआ उनको अतिथियो द्वारा सम्मानित किया गया, जिनमे क्रमशः कु. प्रिया राजपूत, रोहित गुर्जर, नितिन कुमार, कु. आरती लोहार एवं कु. प्रियांशी सुमन का चयन किया गया। सभी प्रतिभागियों को उपस्थित अतिथियो प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का सफल संचालन महाविद्यालय एनएसएस प्रभारी डॉ. संतोष एस.के. द्वारा प्रभावी ढंग से किया गया, एवं आभार संयोजक डॉ. आशा सिसोदिया ने किया। आयोजन को सफल बनाने में समस्त प्राध्यापकगण, आयोजन समिति एवं विद्यार्थियों का विशेष योगदान रहा। अंत में राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया।
रिपोर्टर मोहम्मद आलम खान
न्यूज़ नेशन 81
