दक्षिण पन्ना वनमण्डल में आयोजित गिद्ध गणना 2026 के प्रथम दिवस पर कुल 942 गिद्ध दर्ज किए गए, जो हाल के वर्षों में सर्वाधिक संख्या है। इससे पूर्व वर्ष 2025 में 762 तथा 2024 में 648 गिद्ध दर्ज हुए थे। इस वर्ष की गणना से क्षेत्र में गिद्ध संरक्षण के प्रयासों के सकारात्मक परिणाम स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहे हैं।
गणना के दौरान वनमण्डल में 7 प्रजातियों के गिद्ध दर्ज किए गए, जिनमें इंडियन (लॉन्ग-बिल्ड) गिद्ध, इजिप्शियन (सफेद/व्हाइट स्कैवेंजर) गिद्ध, व्हाइट-रम्प्ड गिद्ध, हिमालयन ग्रिफन, यूरेशियन ग्रिफन, सिनेरेयस (ब्लैक) गिद्ध तथा रेड-हेडेड (किंग) गिद्ध शामिल हैं। इनमें इजिप्शियन गिद्धों की संख्या सर्वाधिक पाई गई। विभिन्न गणना दलों द्वारा सर्वाधिक गिद्ध पवई परिक्षेत्र में दर्ज किए गए, जहाँ दलों का नेतृत्व परिक्षेत्र अधिकारी नितेश पटेल द्वारा किया गया।
गणना कार्य में गिद्ध विशेषज्ञ मोहनदास नागवानी ने दक्षिण पन्ना वनमण्डल की टीमों के साथ शामिल होकर आवश्यक मार्गदर्शन एवं तकनीकी सहयोग प्रदान किया। साथ ही प्रशिक्षु आईएफएस अधिकारी पंकज चौधरी ने भी इस अवसर पर गिद्धों की पहचान, व्यवहार एवं संरक्षण संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त की।
वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि आज मौसम अपेक्षाकृत ठंडा तथा आंशिक रूप से बादलों से ढका रहा, जिससे कुछ क्षेत्रों में गिद्धों की गतिविधि सीमित रही। आगामी दिनों में मौसम अनुकूल रहने पर गणना में दर्ज संख्या 1000 से अधिक होने की संभावना व्यक्त की गई है।
रोशनी सिंह
