Type Here to Get Search Results !

🔴LIVE TV

संविधान, लोकतंत्र और राष्ट्रभक्ति के संदेश के साथ हर्षोल्लास से मनाया गया 77 वां गणतंत्र दिवस: NN81

 


एमसीबी (छ.ग.)      रिपोर्ट - मनीराम सोनी 

एमसीबी/26 जनवरी 2026/*मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिला सोमवार को राष्ट्रभक्ति, गौरव और उल्लास के वातावरण में पूरी तरह सराबोर नजर आया, जब जिले में भारत का 77वां गणतंत्र दिवस अत्यंत गरिमामय, अनुशासित एवं भव्य रूप में मनाया गया। जिला मुख्यालय मनेंद्रगढ़ स्थित आमाखेरवा ग्राउंड में आयोजित जिला स्तरीय मुख्य समारोह में प्रातःकाल से ही बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। देशभक्ति गीतों की गूंज, तिरंगे की शान, अनुशासित परेड और सुसंगठित प्रशासनिक व्यवस्थाओं ने पूरे परिसर को देशप्रेम और लोकतांत्रिक चेतना से ओत-प्रोत कर दिया। जिला स्तरीय मुख्य समारोह में मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद देवेन्द्र प्रताप सिंह ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया तथा परेड की सलामी ली। ध्वजा फहराने के पश्चात राष्ट्रगान के सामूहिक गायन से समारोह स्थल देशभक्ति के भाव से गूंज उठा। इस अवसर पर सांसद श्री सिंह ने कलेक्टर डी. राहुल वेंकट एवं पुलिस अधीक्षक श्रीमती रत्ना सिंह के साथ परेड का निरीक्षण किया और परेड में सम्मिलित विभिन्न टुकड़ियों के अनुशासन, समर्पण एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना करते हुए उन्हें बधाई दी।

समारोह के दौरान उत्साह और उमंग के प्रतीक रंगीन गुब्बारों को आकाश में छोड़ा गया, जो लोकतंत्र की मजबूती, स्वतंत्रता की उड़ान और राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य का संदेश देते प्रतीत हुए। परेड में अर्द्धसैनिक बल, जिला पुलिस बल, नगर सेना, एनसीसी, एनएसएस तथा स्काउट्स एवं गाइड्स की टुकड़ियों ने सीधे कदमों और एकरूप तालमेल के साथ आकर्षक मार्चपास्ट प्रस्तुत किया। जवानों के अनुशासित कदमताल और जोशपूर्ण प्रदर्शन ने राष्ट्र की सुरक्षा में उनके दायित्वबोध, समर्पण और प्रतिबद्धता को प्रभावी रूप से प्रदर्शित किया। परेड प्रतियोगिता में सीनियर जिला पुलिस बल (महिला) एवं जूनियर एनसीसी को प्रथम स्थान, सीनियर प्लाटून कमांडर 18वीं बटालियन, जूनियर गाइड एवं जूनियर स्काउट्स को द्वितीय स्थान तथा सीनियर सहायक उप निरीक्षक जिला एमसीबी को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली सभी टुकड़ियों को मुख्य अतिथि द्वारा स्मृति-चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया। दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ विजेता दलों का उत्साहवर्धन किया।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि द्वारा जिलेवासियों को गणतंत्र दिवस की हार्दिक शुभकामनाएँ देते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का जनता के नाम संदेश का वाचन किया। संदेश में संविधान की गरिमा, लोकतांत्रिक मूल्यों, सामाजिक समरसता तथा विकास के पथ पर निरंतर आगे बढ़ते छत्तीसगढ़ की उपलब्धियों को रेखांकित किया गया। उन्होंने नागरिकों से संविधान के आदर्शों का पालन करते हुए राष्ट्र निर्माण में सक्रिय, सकारात्मक एवं जिम्मेदार भूमिका निभाने का आह्वान किया।

समारोह का एक प्रमुख आकर्षण स्कूली छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम रहे। व्यायाम प्रदर्शन, देशभक्ति गीतों, सामूहिक नृत्य एवं प्रेरणादायक प्रस्तुतियों के माध्यम से बच्चों ने स्वतंत्रता संग्राम, राष्ट्रीय एकता और संविधान के मूल भावों को मंच पर सजीव कर दिया। सांस्कृतिक प्रतियोगिता में एकेडमी हाइट्स पब्लिक स्कूल, तेंदुडांड को प्रथम, सेजस स्कूल, मनेंद्रगढ़ को द्वितीय तथा हाई स्कूल टी संवर्ग एवं सरस्वती विकास विद्यालय, मनेंद्रगढ़ को तृतीय स्थान प्रदान किया गया, जिन्हें स्मृति-चिह्न देकर सम्मानित किया गया।

समारोह के दौरान मुख्य अतिथि द्वारा जिले के विभिन्न विभागों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया, जिससे प्रशासनिक कार्यों में गुणवत्ता, पारदर्शिता एवं जनसेवा की भावना को और अधिक बल मिला। कार्यक्रम का मंच संचालन संजय श्रीवास्तव एवं श्रीमती वीरांगना श्रीवास्तव द्वारा कुशलता एवं प्रभावी ढंग से किया गया। इस गरिमामय आयोजन में सहायक पुलिस महानिरीक्षक पुलिस मुख्यालय रायपुर से संजय शर्मा कमांडेंट 18वीं बटालियन जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती अंकिता सोम, वनमंडल अधिकारी मनीष कश्यप, अपर कलेक्टर अनिल कुमार सिदार, श्रीमती नम्रता डोंगरे, डिप्टी कलेक्टर श्रीमती इंदिरा मिश्रा, एडीएम लिंगराज सिदार, अर्द्धसैनिक बलों के वरिष्ठ अधिकारी, जिला प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारी, मीडिया प्रतिनिधि, स्कूली छात्र-छात्राएँ एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। पूरे जिले में गणतंत्र दिवस को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला तथा शासकीय, अर्धशासकीय कार्यालयों एवं शिक्षण संस्थानों में राष्ट्रीय ध्वज फहराकर विविध कार्यक्रम आयोजित किए गए।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Advertisement

#codes