लोकेशन नारायणपुर छत्तीसगढ़
संवाददाता खुमेश यादव
नारायणपुर, 16 जनवरी 2026 //
जिले के दूरस्थ एवं नक्सल प्रभावित दुर्गम क्षेत्रों में शासकीय योजनाओं की प्रभावी पहुँच सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कलेक्टर श्रीमती नम्रता जैन द्वारा लगातार क्षेत्र भ्रमण किया जा रहा है। इसी क्रम में 15 जनवरी को कलेक्टर ने बाइक से लगभग 110 किलोमीटर का दुर्गम सफर तय करते हुए कच्चे रास्तों, जंगलों तथा नदी–नालों को पार कर अबूझमाड़ क्षेत्र के ग्राम ढोंढरबेड़ा, कुड़मेल और जाटलूर का दौरा किया।
क्षेत्र भ्रमण के दौरान कलेक्टर जैन ने प्रशासनिक व्यवस्थाओं, शासकीय संस्थाओं के संचालन तथा जनकल्याणकारी योजनाओं की जमीनी स्थिति का प्रत्यक्ष अवलोकन किया। उन्होंने ग्राम ढोंढरबेड़ा स्थित बालक आश्रम का औचक निरीक्षण कर भोजन व्यवस्था, पेयजल, स्वच्छता, शौचालय और आवासीय कक्षों की स्थिति की जानकारी ली। बच्चों से संवाद कर शिक्षा की गुणवत्ता का आकलन किया गया। संतोषजनक उत्तर मिलने पर कलेक्टर ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें नियमित अध्ययन के लिए प्रेरित किया। छात्रावास अधीक्षक द्वारा शौचालय निर्माण, खेल सामग्री और अधीक्षक निवास कक्ष निर्माण की मांग पर प्रस्ताव तैयार कर स्वीकृति हेतु प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।
इसके पश्चात कलेक्टर जैन ग्राम कुड़मेल पहुँचीं और बालक आश्रम का निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षा के स्तर की जानकारी लेते हुए बेहतर अध्ययन के लिए प्रेरित किया। बच्चों के साथ राष्ट्रगान भी गाया गया, जिससे क्षेत्र में प्रशासन की सक्रियता और बच्चों के लिए सुरक्षा एवं शिक्षा के महत्व का सशक्त संदेश गया। शिक्षकों को निर्देशित किया गया कि बच्चों के सोने से पूर्व प्रतिदिन मच्छरदानी का उपयोग सुनिश्चित किया जाए। बच्चों द्वारा खेल सामग्री एवं जूतों की मांग पर शीघ्र उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया गया। मितानिन द्वारा दवाई पेटी, आवास एवं गोटुल निर्माण की मांग पर कलेक्टर ने शीघ्र व्यवस्था कराने का भरोसा दिलाया। ग्राम के 12वीं उत्तीर्ण युवा मोतीलाल वडडे को विद्यालय में अतिथि शिक्षक के रूप में बच्चों को पढ़ाने के लिए प्रेरित किया गया।
कलेक्टर जैन ने नदी–नालों को पार करते हुए ग्राम जाटलूर पहुँचीं और बालक आश्रम का निरीक्षण किया। उन्होंने बच्चों को स्कूली यूनिफॉर्म का वितरण करते हुए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त कर अपने क्षेत्र के विकास में सहभागी बनने के लिए प्रेरित किया। शिक्षकों से बच्चों की उपस्थिति, भोजन व्यवस्था, पेयजल, स्वच्छता, शौचालय एवं आवासीय कक्षों की स्थिति की जानकारी ली गई। बाउंड्रीवॉल, अतिरिक्त कक्ष, दैनिक उपयोग की सामग्री तथा टेबल-बेंच की मांग पर प्रस्ताव सहायक आयुक्त को भेजने का आश्वासन दिया गया।
इसके उपरांत कलेक्टर ने ग्राम जाटलूर के बाजार स्थल एवं आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण किया। ग्रामीणों द्वारा गोटुल में शेड निर्माण, बाउंड्रीवॉल, देवगुड़ी निर्माण, प्रधानमंत्री आवास, राशन दुकान संचालन, बाजार स्थल में शेड निर्माण तथा आश्रित ग्राम हरवेल, डोंगरीपारा और बोटेर में आंगनबाड़ी भवन निर्माण की मांग रखी गई। कलेक्टर ने सभी मांगों पर शीघ्र कार्यवाही का भरोसा दिलाया और राज्य शासन की नियद नेल्ला नार योजना के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों को शत-प्रतिशत लाभान्वित करने के निर्देश दिए।
इस भ्रमण के दौरान एडीशनल एसपी श्री अजय कुमार,लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन अभियंता श्री संजय चौहान, पीएमजीएसवाई के कार्यपालन अभियंता श्री विनय ,सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
