लोकेशन -प्रतापगढ़, उत्तर प्रदेश
ब्यूरो रिपोर्ट - NN81
पतंजलि महिला योग समिति, प्रतापगढ़ विभाग पूर्वी उत्तर प्रदेश द्वारा योग एवं स्वस्थ जीवनशैली को जन-जन तक पहुँचाने के उद्देश्य से निरंतर सराहनीय कार्य किया जा रहा है। जिला महिला प्रभारी वंदना मिश्रा के नेतृत्व में समिति द्वारा जिले भर में योग जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है, जिसके अंतर्गत महिलाओं सहित समाज के प्रत्येक वर्ग को योग से जोड़ा जा रहा है। इसी क्रम में शालिनी जायसवाल, पतंजलि जिला सोशल मीडिया प्रभारी द्वारा कंपनी गार्डन, सिविल लाइन, प्रतापगढ़ में विगत कई वर्षों से एक निःशुल्क योग कक्षा का नियमित संचालन किया जा रहा है। यह योग कक्षा प्रतिदिन प्रातःकाल आयोजित होती है, जिसमें बड़ी संख्या में भाग लेकर लाभ प्राप्त कर रहे हैं। योग कक्षा में प्रतिभागियों को प्राणायाम, सूक्ष्म व्यायाम, विभिन्न योगासन, ध्यान तथा योग आधारित जीवनशैली के बारे में प्रशिक्षण दिया जाता है। विशेष रूप से मधुमेह, उच्च रक्तचाप, मोटापा, तनाव, अनिद्रा एवं जोड़ों के दर्द जैसी सामान्य बीमारियों से बचाव हेतु योगाभ्यास कराया जाता है। नियमित योग अभ्यास से लोगों के स्वास्थ्य में सकारात्मक परिवर्तन देखने को मिल रहा है।
इस अवसर पर शालिनी जायसवाल ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो व्यक्ति को शारीरिक, मानसिक एवं आत्मिक रूप से सशक्त बनाती है। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों से निःशुल्क योग कक्षाओं से जुड़ने की अपील की।
शालिनी जायसवाल ने बताया कि सोशल मीडिया के माध्यम से भी योग, आयुर्वेद एवं स्वदेशी विचारधारा का प्रचार-प्रसार किया जा रहा है, ताकि समाज का प्रत्येक वर्ग स्वस्थ जीवन की ओर अग्रसर हो सके। पतंजलि महिला योग समिति की यह निःशुल्क योग कक्षा क्षेत्र में स्वास्थ्य जागरूकता फैलाने का एक सशक्त माध्यम बन चुकी है, जिससे प्रतिदिन अनेक लोग लाभान्वित हो रहे हैं।
