एमसीबी (छ.ग.)
रिपोर्ट - मनीराम सोनी
एमसीबी/ समाज कल्याण विभाग द्वारा जनपद सभाकक्ष मनेन्द्रगढ़ में रजत जयंती के अवसर पर वृद्धजन सम्मान कार्यक्रम का गरिमामय आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में वरिष्ठ नागरिकों के प्रति सम्मान, कृतज्ञता और संवेदनशीलता की भावना को सशक्त करना रहा। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और बड़ी संख्या में वरिष्ठ नागरिकों की उपस्थिति ने आयोजन को विशेष बना दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ छत्तीसगढ़ महतारी के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। दीप प्रज्ज्वलन के पश्चात उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने वरिष्ठ नागरिकों का साल एवं नारियल भेंट कर सम्मान किया। इस अवसर पर जनपद पंचायत मनेन्द्रगढ़ की अध्यक्ष जानकी बाई खुसरो, जिला पंचायत सदस्य उदित नारायण सिंह एवं अनीता सिंह, मण्डल संयोजक संजय श्रीवास्तव, जनपद पंचायत के सहायक ग्रेड-3 डी.एन. तिवारी तथा समाज कल्याण विभाग की सहायक संचालक अंजना रोस बेक विशेष रूप से उपस्थित रहीं।सम्मान समारोह के दौरान वक्ताओं ने वरिष्ठ नागरिकों के अनुभव, योगदान और मार्गदर्शन को समाज की अमूल्य धरोहर बताते हुए कहा कि उनका सम्मान करना हम सभी का नैतिक दायित्व है। कार्यक्रम के दौरान आत्मीय वातावरण देखने को मिला, जहां वरिष्ठ नागरिकों के चेहरे पर प्रसन्नता और संतोष स्पष्ट झलक रहा था। सम्मान उपरांत सभी वरिष्ठ नागरिकों के लिए अल्पाहार की व्यवस्था भी की गई।कार्यक्रम के समापन अवसर पर जनपद पंचायत अध्यक्ष द्वारा धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम के सफल समापन की घोषणा की गई। इस आयोजन से वरिष्ठ नागरिक अत्यंत प्रसन्न नजर आए और उन्होंने समाज कल्याण विभाग एवं जनप्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त किया। रजत जयंती के अवसर पर आयोजित यह वृद्धजन सम्मान कार्यक्रम सामाजिक सरोकार और संवेदनशील प्रशासन की एक सराहनीय मिसाल बनकर सामने आया।
