साहिबगंज झारखण्ड
जिला ब्यूरो आकाश कुमार भगत
उपायुक्त हेमंत सती की अध्यक्षता में कार्यालय प्रकोष्ठ में जिला खनन विभाग अन्तर्गत संचालित योजनाओं की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई।
बैठक में उपायुक्त ने सर्वप्रथम राजस्व वसूली की अद्यतन स्थिति की जानकारी ली तथा राजस्व वसूली बढ़ाने के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं पर विभागीय पदाधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि राजस्व लक्ष्य की शत-प्रतिशत प्राप्ति सुनिश्चित की जाए और लंबित वसूली के मामलों में त्वरित कार्रवाई की जाए।
उपायुक्त ने बैठक के दौरान जिले में चल रहे अवैध ईंट भट्ठों के विरुद्ध सख्त रुख अपनाते हुए निर्देश दिया कि 15 दिसंबर तक सभी अवैध ईंट भट्ठों को चिह्नित कर पूर्णतः ध्वस्त करने की कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण और खनन नियमों के पालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इसके साथ ही उपायुक्त ने खनन पट्टों की मापी कार्य को समयबद्ध रूप से पूर्ण करने का भी निर्देश दिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कहा कि सभी मापी कार्य पारदर्शिता और सटीकता के साथ संपन्न किए जाएं ताकि राजस्व हानि की कोई संभावना न रहे।
बैठक में जिला खनन पदाधिकारी कृष्ण कुमार किस्कू सहित विभाग के अन्य कर्मी उपस्थित थे।
