पाकुड़ संवाददाता कृष्णकांत साहा
पाकुड़ : आगामी दुर्गा पूजा पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में सम्पन्न कराने को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह से सतर्क है। इसी कड़ी में उपायुक्त श्री मनीष कुमार एवं पुलिस अधीक्षक श्रीमती निधि द्विवेदी की संयुक्त अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में विधि व्यवस्था संधारण को लेकर बैठक आयोजित की गई।
बैठक में उपायुक्त ने स्पष्ट कहा कि सभी पूजा पंडालों के पास अग्निशामक यंत्र एवं एंबुलेंस की उपलब्धता सुनिश्चित करते हुए मॉक ड्रिल कराना अनिवार्य है। हाट-बाजार, मेला क्षेत्र एवं भीड़भाड़ वाली जगहों पर भी मॉक ड्रिल कराने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने बताया कि सभी दुकान, पेट्रोल पंप एवं ज्वेलरी दुकानों में सीसीटीवी कैमरा अवश्य लगाये जाएँ, विशेषकर दुकानों के बाहर। पूजा पंडालों में कार्यरत सभी वॉलिंटियर के पास आई-कार्ड होना चाहिए तथा वे डंडा नहीं बल्कि भीसल (सीटी) का प्रयोग करें। प्रत्येक पंडाल में फायर एक्सटिंग्विशर अनिवार्य रूप से रखा जाए।
पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि अनजान व्यक्तियों पर विशेष निगरानी रखें, समूह में घूम रहे संदिग्ध युवक-युवतियों से पूछताछ करें और सोशल मीडिया पर भी सतर्क निगरानी रखी जाए।
बैठक में उपायुक्त ने कहा कि सभी प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारी चौकसी बरतें ताकि जिले में शांति एवं सौहार्द का वातावरण कायम रखते हुए पर्व-त्योहार का सफलतापूर्वक आयोजन किया जा सके।
इस अवसर पर अनुमंडल पदाधिकारी, अपर समाहर्ता, जिला खनन पदाधिकारी, जिला परिवहन पदाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी समेत अन्य अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।
