लोकेशन नारायणपुर छत्तीसगढ़
संवाददाता खुमेश यादव
नारायणपुर | छत्तीसगढ़ प्रदेश NHM कर्मचारी संघ द्वारा चलाया जा रहा अनिश्चितकालीन आंदोलन आज अपने 10वें दिन हो चुका है। आंदोलन की कड़ी में आज जिला नारायणपुर के बुधवारी बाजार चौक में NHM कर्मचारियों द्वारा एक नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया।
इस नाटक के माध्यम से NHM कर्मचारियों ने सरकार द्वारा उनके साथ किए जा रहे शोषण, अन्याय और उपेक्षा को जनमानस के सामने रखा। नाटक के दौरान कर्मचारियों ने बताया कि किस प्रकार वे वर्षों से अस्थायी आधार पर अल्प वेतन में कार्य कर रहे हैं, जबकि उन्हें स्थायीकरण, समान कार्य के लिए समान वेतन और सेवा शर्तों में सुधार की मांग को लेकर बार-बार अनसुना किया गया है।
इस पहल को देखकर स्थानीय जनता ने NHM कर्मचारियों की मांगों का समर्थन किया और उनके आंदोलन को पूरी तरह से जायज ठहराया। कई नागरिकों ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं की रीढ़ माने जाने वाले NHM कर्मचारियों को उनका संवैधानिक अधिकार और सम्मानजनक कार्य स्थितियां अवश्य मिलनी चाहिए।
प्रदेशभर में NHM कर्मचारी संघ के नेतृत्व में चल रही इस हड़ताल को हर जिले में व्यापक जनसमर्थन प्राप्त हो रहा है। कर्मचारी संघ ने स्पष्ट किया है कि जब तक सरकार उनकी मांगों पर कोई ठोस निर्णय नहीं लेती, यह आंदोलन अनिश्चितकालीन रूप से जारी रहेगा।
हम सभी मीडिया बंधुओं और समाज के जागरूक नागरिकों से आग्रह करते हैं कि इस जनहितकारी आंदोलन को समर्थन दें और सरकार तक कर्मचारियों की आवाज पहुंचाने में सहयोग करें।
