लोकेशन नारायणपुर छत्तीसगढ़
संवाददाता खुमेश यादव
आज दिनांक 31 अगस्त 2025 को जिला मुख्यालय नारायणपुर में कर्मचारियों ने अपने आंदोलन को और तेज़ करते हुए सब्जी बाजार पहुँचकर भीख मांग कर विरोध दर्ज कराया।
इस दौरान बाजार में मौजूद आम जनता ने कर्मचारियों से कहा कि उनकी हड़ताल के कारण स्वास्थ्य सेवाएं ठप हो गई हैं, जिससे आमजन को भारी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। इसके बावजूद जनता ने उनके संघर्ष को समझते हुए समर्थन जताया और भीख स्वरूप कर्मचारियों को पैसे एवं तरकारी दिया।
एनएचएम संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि राज्य में पिछले 14 दिनों से 16,000 से अधिक संविदा स्वास्थ्यकर्मी अपनी न्यायोचित मांगों को लेकर आंदोलनरत हैं, किंतु सरकार अभी भी मौन है।
संविदा कर्मचारी लगातार आंदोलन के अलग-अलग तरीकों से सरकार तक अपनी आवाज़ पहुँचाने का प्रयास कर रहे हैं।
कर्मचारियों ने बताया कि विगत 20 वर्षों से संविदा प्रथा में काम कर रहे स्वास्थ्यकर्मी अब मानसिक, आर्थिक और सामाजिक रूप से त्रस्त हो चुके हैं।
आंदोलनरत कर्मियों की प्रमुख मांग समान कार्य के लिए समान वेतन तथा संविदा प्रथा का पूर्ण उन्मूलन कर नियमितिकरण है।
एनएचएम संघ ने कहा कि यदि सरकार शीघ्र ठोस निर्णय नहीं लेती है, तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा और इसकी सम्पूर्ण जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी
