Type Here to Get Search Results !

🔴LIVE TV

खाद वितरण व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित करें, POS एवं e-VIKAS के खाद स्टॉक का करें मिलान - कलेक्टर डॉ. मिश्रा : NN81

 

खाद स्टॉक में अंतर पाए जाने वाली समितियों, निजी दुकानों एवं डबल लॉक केंद्रों की सात दिवस में जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश

 ब्यावरा एवं जीरापुर के एसएडीओ को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश, 12 निजी खाद दुकानों की जांच की जिम्मेदारी सौंपी : 

     कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा ने जिले में खाद की उपलब्धता, वितरण व्यवस्था एवं स्टॉक की स्थिति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को खाद वितरण में पारदर्शिता सुनिश्चित करने तथा अनियमितताओं पर प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि POS एवं e-VIKAS पोर्टल पर दर्ज खाद के स्टॉक में अंतर पाए जाने वाले सहकारी समितियों, निजी खाद दुकानों एवं डबल लॉक केंद्रों की विस्तृत जांच की जाए तथा जांच पूर्ण कर सात दिवस के भीतर रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए।कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने निर्देशित किया कि खाद के भौतिक स्टॉक एवं पोर्टल पर दर्ज उपलब्धता का मिलान कर अंतर की स्थिति का परीक्षण किया जाए। जांच के दौरान स्टॉक में अंतर के कारणों का स्पष्ट उल्लेख करते हुए नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि किसानों को खाद वितरण में किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा व्यवस्था में पारदर्शिता बनी रहे।

    कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने खाद वितरण व्यवस्था की निगरानी में लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए ब्यावरा एवं जीरापुर के एसएडीओ को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही जिले की 12 निजी खाद दुकानों की जांच की जिम्मेदारी मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक, राजगढ़ तथा उपायुक्त सहकारिता को सौंपी गई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि जांच निष्पक्षता एवं गंभीरता के साथ करते हुए निर्धारित समय-सीमा में प्रतिवेदन प्रस्तुत करें। कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने सभी संबंधित अधिकारियों को निरंतर फील्ड में रहकर खाद की उपलब्धता, स्टॉक एवं वितरण व्यवस्था की सतत निगरानी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसानों को उनकी आवश्यकता के अनुरूप खाद की उपलब्धता सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता है। इस कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

     जिला प्रशासन राजगढ़ द्वारा खाद की उपलब्धता एवं वितरण व्यवस्था पर सतत निगरानी रखी जा रही है, ताकि किसानों को समय पर खाद उपलब्ध हो तथा वितरण व्यवस्था सुचारु एवं पारदर्शी बनी रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Advertisement

#codes