Type Here to Get Search Results !

🔴LIVE TV

जिलाधिकारी ने राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, कुरावली स्थित PET परीक्षा केंद्र का किया औचक निरीक्षण, व्यवस्थाओं का लिया जायजा : NN81



परीक्षा की शुचिता एवं पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए प्रत्येक केंद्र पर सेक्टर एवं स्टेटिक मजिस्ट्रेट तैनात; बाहरी जनपदों से आने वाले अभ्यर्थियों के ठहरने, परिवहन एवं यातायात के लिए किए गए विशेष इंतजाम: 

हमीरपुर। जनपद में प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (PET)-2026 को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं सुचारू रूप से संपन्न कराने के दृष्टिगत जिलाधिकारी श्री अशोक कुमार ने आज राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, कुछेछा स्थित परीक्षा केंद्र का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने परीक्षा केंद्र पर अभ्यर्थियों के लिए की गई व्यवस्थाओं, सुरक्षा इंतजामों तथा परीक्षा संचालन की प्रक्रिया का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद में कुल 12 परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में परीक्षा आयोजित की जा रही है। परीक्षा की शुचिता एवं निष्पक्षता बनाए रखने के लिए प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर एक सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं एक स्टेटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है। इसके अतिरिक्त केंद्र व्यवस्थापक के साथ बाह्य सह-केंद्र व्यवस्थापक तथा कक्ष निरीक्षकों में आंतरिक एवं बाह्य निरीक्षकों की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। सभी संबंधित अधिकारियों को अपने दायित्वों का पूरी गंभीरता एवं सतर्कता के साथ निर्वहन करने के निर्देश दिए गए हैं। क्षेत्रीय उपजिलाधिकारियों को भी अपने-अपने क्षेत्रों में निरंतर भ्रमणशील रहकर परीक्षा व्यवस्था पर निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं।

जिलाधिकारी ने बताया कि अन्य जनपदों, विशेषकर प्रयागराज, बांदा एवं कौशांबी आदि से आने वाले अभ्यर्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए ठहरने की समुचित व्यवस्था की गई है। होटल एवं सराय संचालकों को उचित एवं किफायती दरों पर कमरे उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही नगरपालिका परिषद सभागार, अंबेडकर पार्क एवं रैन बसेरों में भी अभ्यर्थियों के ठहरने की व्यवस्था की गई है, ताकि बाहर से आने वाले परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

अभ्यर्थियों के आवागमन को सुगम बनाने के लिए स्थानीय ई-रिक्शा चालकों द्वारा रियायती दरों पर तथा कुछ स्थानों पर निःशुल्क परिवहन सुविधा भी उपलब्ध कराई जा रही है। यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने तथा बेतवा एवं यमुना पुल पर भारी वाहनों के कारण जाम की स्थिति उत्पन्न न होने देने के लिए एआरटीओ एवं पीटीओ की ड्यूटी लगाई गई है। इसके अतिरिक्त एनएचएआई के माध्यम से क्रेन आदि की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है, जिससे किसी वाहन के खराब होने की स्थिति में उसे तत्काल हटाकर यातायात सुचारू रखा जा सके।

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि परीक्षा के दौरान सभी व्यवस्थाएं निरंतर सक्रिय एवं व्यवस्थित रहें। अभ्यर्थियों को

 परीक्षा केंद्र तक पहुंचने, ठहरने एवं आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो तथा परीक्षा पूरी निष्पक्षता, पारदर्शिता एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराई जाए।

दिलीप राजपूत 

जिला संवाददाता हमीरपुर

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Advertisement

#codes