जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने यातायात माह का किया शुभारम्भ:
कौशाम्बी जनपद में जिलाधिकारी डॉ. अमित पाल एवं पुलिस अधीक्षक सत्य नारायण प्रजापत ने आज थाना मंझनपुर में आयोजित कार्यक्रम में यातायात माह का शुभारम्भ तथा यातायात नियमों के प्रति आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से आयोजित जन-जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
जिलाधिकारी ने कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए कहा कि हेलमेट न पहनना, सीट बेल्ट न लगाना, सिग्नल तोड़ना एवं यातायात नियमों की अनदेखी जैसी छोटी-छोटी लापरवाहियां गंभीर सड़क दुर्घटनाओं का कारण बनती हैं। उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि वे स्वयं यातायात नियमों का पालन करने का संकल्प लें तथा दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें। सड़क सुरक्षा के नियमों को अपनी दैनिक आदत में शामिल करें। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का पालन कर हम न केवल अपनी, बल्कि दूसरों की जान भी सुरक्षित रख सकते हैं। वाहन चलाते समय हेलमेट एवं सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करें, ओवरस्पीडिंग एवं नशे की हालत में वाहन न चलाये तथा ट्रैफिक लाइट एवं यातायात संकेतों का पालन करें।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि नवम्बर माह को यातायात माह के रूप में मनाया जाता है। इसका मुख्य उद्देश्य आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना तथा सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए दुर्घटना संभावित ब्लैक स्पॉट चिन्हित करना है। यातायात माह के दौरान विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। विद्यालयों में भी कार्यक्रमों के माध्यम से छात्र-छात्राओं को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए सरकार द्वारा निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं,और सभी नागरिकों से अपील की कि वाहन चलाते समय अपनी लेन में रहें, हेलमेट पहनें, सीट बेल्ट लगाएं तथा यातायात नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करें।

