रिपोर्टर -मदनलाल बर्मन
कोयला खनन को लेकर घर में घुसकर मारपीट व धमकी देने का आरोप
बजरंग कोल कंपनी के कर्मचारियों पर महिला ने लगाया जातिगत अपमान और घर तोड़ने की धमकी का आरोप
पाली। थाना पाली क्षेत्र के ग्राम गिठौरी, पंचायत घुनघुटी निवासी सुमित्रा सिंह पति स्व. बालगोविंद सिंह ने थाना प्रभारी को लिखित शिकायत देकर बजरंग कोल कंपनी से जुड़े कुछ लोगों पर घर में जबरन घुसने, घरेलू सामान तोड़ने, धक्का देकर गिराने, जातिगत रूप से अपमानित करने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगाए हैं।
शिकायत के अनुसार, 2 अक्टूबर 2026 को दोपहर करीब 2 बजे 8-10 लोग कथित रूप से उनके घर में जबरन घुस आए। आरोप है कि उन्होंने कोयला खनन को लेकर विवाद करते हुए घर में रखे खाना बनाने एवं पानी के बर्तनों सहित अन्य घरेलू सामान को डंडों से तोड़ना शुरू कर दिया। महिला ने बताया कि पूछताछ करने पर एक व्यक्ति ने अपना नाम शशिधर द्विवेदी बताते हुए स्वयं को बजरंग कोल कंपनी का कर्मचारी बताया।
शिकायत में एसके गुप्ता, सौरभ मिश्रा, गंगा साहू, विजय यादव, शिवम शर्मा, शक्ति प्रताप सिंह, दीपेंद्र यादव और कमलेश कुमार रैवास सहित अन्य लोगों के नाम भी बताए गए हैं। महिला का आरोप है कि आरोपितों ने उनकी जमीन से कोयला निकालने तथा उन्हें घर से बेदखल करने की बात कही। महिला ने बताया कि संबंधित मामला न्यायालय पाली में विचाराधीन है।
आरोप है कि इसी दौरान शशिधर द्विवेदी ने उन्हें जोर से धक्का दिया, जिससे वह जमीन पर गिर गईं और उनकी पीठ में चोट आई। इसके बाद कथित रूप से जेसीबी मशीन लाकर घर के ऊपर चलाने की धमकी दी गई। महिला के शोर मचाने पर छोटी बाई, सुमन सिंह, सुशीला सिंह, राषा सिंह सहित अन्य लोग मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव किया।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि जाते समय आरोपितों ने उन्हें और उनके परिवार को धमकी दी तथा थाना में शिकायत करने पर जान से खत्म करने की बात कही। महिला ने थाना प्रभारी से मामले की जांच कर आरोपितों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई करने और सुरक्षा प्रदान करने की मांग की है।
